यूपी में बेखौफ बदमाशों का आतंक, डीएम की बैठक से घर लौट रहे अधिकारी को मारी गोली, हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश में बेखौफ बदमाशों का आतंक जारी है। बिजनौर जनपद में शनिवार शाम को डीएम की बैठक से घर लौट रहे बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगते ही अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, इस घटना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने घायल अधिकारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के चलते उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि बाइक सवार दो बदमाशों ने कार से कार्यालय से घर जा रहे बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मेघवरन को गोली मार दी और फरार हो गए। गंभीर हालत में मेघवरन को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना से प्रशासनिक हल्कों में हड़कंप मच गया और डीएम और अन्य अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हमलावर चकबंदी कार्यालय से उनका पीछा कर रहे थे। हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
मेघवरन (54) मूलरूप से गांव रतीपुरा, कानपुर देहात के रहने वाले थे और बिजनौर में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पद पर तैनात है। शनिवार देर शाम वह कलक्ट्रेट में डीएम की बैठक में शामिल हुए, उसके बाद वे अपने कार्यालय में पहुंचे। कार्यालय से काम निपटाकर करीब पौने सात बजे वह विभाग की सूमो कार से सुरेंद्र नगर स्थित अपने आवास पर जा रहे थे। कार गांव रशीदपुर गढ़ी निवासी चालक चंद्रपाल चला रहा था और वह कार में अगली सीट पर बैठे थे। इस दौरान सुरेंद्र नगर में पीछे से आए बाइक पर सवार दो बदमाशों में से एक ने उन्हें गोली मार दी। गोली कार के शीशे को पार करती हुई उनके पेट में लगी। डीएम अटल कुमार राय, एसपी सिटी डाक्टर दिनेश सिंह, सीओ सिटी महेश कुमार, शहर कोतवाल व चकबंदी विभाग के कई अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। एसपी सिटी ने बताया कि गोली 12 बोर के तमंचे से मारी गई है। आरोपियों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दिए निर्देश:डीएम
पुलिस को मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने को भी कहा गया है। सरकारी गाड़ी का बाइक सवार कौन लोग पीछा कर रहे थे। घटना के वक्त इस मार्ग से बाइक पर सवार कौन लोग निकले, इसका पता लगाया जा रहा है। गोली किस वजह से मारी अभी इसका पता मेघवरन को भी नहीं है। -अटल कुमार, डीएम बिजनौर
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/