हादसों का सबब बना कोहरा, ईस्टर्न पेरिफेरल-वे पर भिड़े वाहन, दर्जन भर घायल, मुजफ्फरनगर में हाईवे पर दुर्घटना
उत्तर प्रदेश के बागपत व मुजफ्फरनगर में कोहरे के कारण हुए अलग-अलग हादसों में दर्जनों लोग घायल हो गए। बागपत में मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटवाया गया है।
मुजफ्फरनगर में रतनपुरी थानाक्षेत्र में रायपुर नंगली में नेशनल हाईवे पर तकरीबन आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निकट अस्पताल में भर्ती कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों क्रेन की मदद से हटाया गया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन दिनों सर्दी अपने चरम पर है, वहीं कोहरे के कारण सुबह और शाम को दृश्यता काफी कम होने लगी है। मंगलवार को घने कोहरे के कारण ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर सिंगौली तगा के पास वाहन आपस में टकरा गए।
एक के बाद एक करीब दस वाहन आपस में टकराए। हादसे में वाहनों में सवार करीब 12 लोग घायल हुए हैं। ईपीई की हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची। खेकड़ा और बागपत कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को ईपीई से हटवाया गया है। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है।
यह भी पढ़ें: मेरठ में आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार, एंटी करप्शन की टीम ने की कार्रवाई
मुजफ्फरनगर के रतनपुरी क्षेत्र में रायपुर नंगली में नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन अंडरपास के निकट लगातार लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। मंगलवार को घने कोहरे के कारण आधा दर्जन वाहन आपस मे भिड़ गए।
इनमें दिल्ली निवासी कार सवार सचिन शर्मा पुत्र बालम किशोर व उसकी माता गीता, विक्रांत कोहली पुत्र सतीश कोहली, उसकी पत्नी डिंपल, माता कविता, और बच्चे आकांक्षा व दक्षिता निवासी मोहनपुरी घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, मुजफ्फरनगर बुढ़ाना मार्ग पर गांव काकड़ा के पास कोहरे में रोडवेज बस और डीसीएम में भिड़ंत होने से दोनों के चालक घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।