Meerut: कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, रॉन्ग साइड चलना बना हादसे की वजह, परिजनों में कोहराम
मेरठ के परतापुर बाईपास पर तेज रफ्तार कैंटर ने रॉन्ग साइड से आ रहे स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। गंभीर घायल युवक को सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
विस्तार
मेरठ के परतापुर बाईपास पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रॉन्ग साइड से स्कूटी चला रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक कैंटर के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने कैंटर चालक और परिचालक को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
यह भी पढ़ें: मेरठ सेंट्रल मार्केट: तिरंगा चौक पर महिलाओं का धरना छठे दिन भी जारी, पुलिस-पीएसी क्षेत्र में कर रही निगरानी
भीड़ से बचकर फरार हुए चालक और परिचालक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक और परिचालक भीड़ से किसी तरह बचकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
स्कूटी नंबर से की जा रही पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस स्कूटी के नंबर के आधार पर युवक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। साथ ही फरार कैंटर चालक और परिचालक की तलाश भी की जा रही है।