Saharanpur: मां के बगल में सो रही थी मासूम, सुबह लहूलुहान मिली, 5 माह की इशिका की गला रेतकर हत्या
हारनपुर के गागलहेड़ी के गांव कुतुबपुर कुसेनी में मां के पास सो रही पांच माह की इशिका की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजन और मां को रात में कोई आहट तक नहीं लगी।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी में गांव कुतुबपुर कुसेनी में मंगलवार रात एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। महज पांच माह की मासूम बच्ची इशिका की उस वक्त गला रेतकर हत्या कर दी गई, जब वह अपनी मां शिवानी पत्नी राजन की गोद में सो रही थी।
किसी को भनक तक नहीं लगी
रात भर बच्ची अपनी मां के बगल में सोती रही, लेकिन किसी को एक आहट तक महसूस नहीं हुई। सुबह जब शिवानी की नींद खुली तो इशिका बिस्तर पर खून से लथपथ मिली। यह देख परिवार वालों के होश उड़ गए। बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 28 मई को आपके शहर में क्या हुआ
पुलिस को बिना सूचना अस्पताल ले गए परिजन
परिजन पहले घटना को निजी स्तर पर संभालने की कोशिश करते रहे। बाद में अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी व्योम बिंदल और एएसपी मनोज कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घर की गहन जांच की और नमूने लिए।
माता-पिता की पहली संतान थी इशिका
इशिका के पिता रोहित अपने भाई बहनों में तीसरे नंबर के हैं और केरल में सैलून पर काम करते हैं। दो साल पहले रोहित की शादी हुई थी, और इशिका उनकी पहली संतान थी। घटना की सूचना रोहित को दे दी गई है, वह केरल से लौट रहे हैं।