रूट डायवर्जन: मेरठ-दिल्ली रोड पर आज यातायात को संभालना होगा चुनौती, ये है वजह
रूट डायवर्जन के बाद बागपत रोड वाहनों का भारी दबाव है। ट्रांसपोर्ट नगर गेट के सामने बागपत रोड पर बने डिवाइडर की वजह से भी दिक्कत खड़ी हो रही है। जगह कम होने के कारण जाम के हालात बनते हैं। यहां पर डिवाइडर को तोड़कर रास्ते को चौड़ा किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में दो दिन की साप्ताहिक बंदी के बाद आज बाजार खुलने के साथ सड़कों पर ट्रैफिक भी बढ़ेगा। डायवर्जन के चलते अव्यवस्था की शिकार दिल्ली रोड पर यातायात संभालना ट्रैफिक पुलिस के लिए चुनौती बन रहा है। दो दिनों से सड़कों पर वाहनों की कमी के बावजूद दिल्ली रोड के डायवर्जन वाले हिस्से में रह-रह कर जाम लगता रहा।
रैपिड रेल के काम के चलते दिल्ली रोड की एक लेन को टीपीनगर गेट से एचआरएस चौक (फुटबॉल चौराहा) तक बंद कर दिया गया है। इस लेन के वाहनों को टीपीनगर, बागपत रोड होते हुए निकाला जा रहा है। पहले ही दिन से अव्यवस्था हावी है।
दिल्ली रोड पर जाम का असर मोहल्लों के अंदर की सड़कों के साथ अन्य सड़कों पर भी देखा गया। हालांकि वाहनों के दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए एचआरएस चौक समेत कुछ नए कट खोले गए हैं। इसके चलते शुक्रवार की तुलना में शनिवार और रविवार को कुछ राहत रही। फिर भी रह-रह कर रूट डायवर्जन वाले हिस्से में जाम लगता रहा। आज शहर की सड़कों पर पूरी क्षमता के साथ वाहन दौड़ेंगे। इसके चलते व्यवस्थित तरीके से यातायात संचालन चुनौती होगा।
एक प्वाइंट और तैयार
जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर में एक और प्वाइंट तैयार किया है। इसी प्वाइंट पर नवीन मंडी के भीतर से आने वाले सड़क ट्रांसपोर्ट नगर की मुख्य सड़क से जुड़ती है। सोमवार को वहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती होगी।
बागपत रोड पर तोड़ा जाएगा डिवाइडर
रूट डायवर्जन के बाद बागपत रोड वाहनों का भारी दबाव है। ट्रांसपोर्ट नगर गेट के सामने बागपत रोड पर बने डिवाइडर की वजह से भी दिक्कत खड़ी हो रही है। जगह कम होने के कारण जाम के हालात बनते हैं। यहां पर डिवाइडर को तोड़कर रास्ते को चौड़ा किया जाएगा।
सख्ती से होगा लागू
रूट डायवर्जन सख्ती से लागू होगा। पहले तीन प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस ड्यूटी दे रही थी। सोमवार से एक और प्वाइंट नवीन मंडी से ट्रांसपोर्टनगर की ओर आने वाले रास्ते पर बनाया गया है। वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण थोड़ी व्यवस्था प्रभावित हुई है, जो कुछ समय में अपने आप ठीक हो जाएगी। -जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक