कांवड़ यात्रा का असर: जल्द लागू होगा रूट डायवर्जन, मेरठ से दिल्ली-हरिद्वार जाना पड़ेगा महंगा, देखें पूरी लिस्ट
UP News : कांवड़ यात्रा का यात्रियों की जेब पर असर पड़ने वाला है। चार जुलाई से मेरठ से दिल्ली व हरिद्वार समेत इन स्थानों पर जाने लोगों को ज्यादा किराया देना पड़ेगा। यहां पूरी लिस्ट देखिए।
विस्तार
मेरठ में कांवड़ यात्रा के चलते चार जुलाई की सुबह आठ बजे से शहर में रूट डायवर्जन लागू हो जाएगा। मेरठ से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा की ओर जाने वाली बसों का संचालन भी वाया हापुड़ होकर किया जाएगा। इससे यात्रियों को अतिरिक्त सफर तो तय करना पड़ेगा, साथ ही अतिरिक्त किराया भी देना होगा। वर्तमान में जहां मेरठ से आईएसबीटी दिल्ली के लिए यात्री को 140 रुपये देने होते हैं, वहीं रूट डायवर्जन के बाद 179 रुपये देने होंगे। 39 रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा।
कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात विभाग की ओर से रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया गया है। चार जुलाई की सुबह से रूट डायवर्जन होना है। रूट डायवर्जन के तहत मेरठ से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, कौशांबी की ओर जाने वाली बसें मेरठ से किठौर-हापुड़-पिलखुवा होते हुए दिल्ली की जाएंगी। इससे इन जिलों के लिए अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ ही यात्रियों को अतिरिक्त किराया भी देना होगा। मेरठ से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाली बसें मवाना-बहसूमा- रामराज-मीरापुर और जानसठ होते हुए मुजफ्फरनगर जाएंगी।
वहीं, हरिद्वार, देहरादून की ओर जाने वाली बसें भी मवाना, बहसूमा, रामराज, गंगा बैराज और बिजनौर-नजीबाबाद होते हुए हरिद्वार व देहरादूर की ओर जाएंगी। मेरठ से हरिद्वार के लिए भी यात्रियों को करीब 30 से 40 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी व इसके साथ ही करीब 52 रुपये अतिरिक्त किराया भी देना होगा। हालांकि अभी तक रोडवेज की ओर से बढ़ा किराया निर्धारित नहीं किया गया है, लेकिन बढ़ी दूरी के हिसाब से यात्रियों से प्रति किमी 1.30 रुपये वसूले जाएंगे।
बनाए जाएंगे चार अस्थाई बस अड्डे
रोडवेज की ओर से मेरठ से बागपत, बड़ौत, शामली, सहारनपुर मार्ग पर बसों के संचालन के लिए चार अस्थाई बस अड्डे बनाए जाएंगे। इन रूटों पर किराए में कोई वृद्धि नहीं होगी। यात्रियों से वर्तमान किराया ही वसूली जाएगा। जहां दूरी बढ़ेगी वहां किराए में वृद्धि की जाएगी। बागपत की ओर जाने वाली बसों का संचालन बागपत बाईपास, बड़ौत की ओर जाने वाली बसों का संचालन रोहटा बाईपास और सरधना और शामली की ओर जाने वाली बसों का संचालन कंकरखेड़ा बाईपास से किया जाएगा।
नहीं होगा सिटी बसों का संचालन
ट्रैफिक विभाग के डायवर्जन प्लान के अनुसार चार जुलाई की सुबह आठ बजे से 15 जुलाई की शाम तक मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट की बसों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। बसों का संचालन नहीं होगा।
बस अड़्डा के नाम वर्तमान दूरी वर्तमान किराया बढ़ सकती है दूरी किराए में संभावित वृद्धि
मेरठ से दिल्ली आईएसबीटी- 69 किमी 140 रुपये 30 किमी 39 रुपये
मेरठ से गाजियाबाद- 47 किमी 67 रुपये 25 किमी 32 रुपये
मेरठ से कौशाम्बी- 59 किमी 83 रुपये 28 किमी 36 रुपये
मेरठ से नोएडा- 61 किमी 99 रुपये 30 किमी 39 रुपये
मेरठ से मुजफ्फरनगर- 57 किमी 90 रुपये 20 किमी 26 रुपये
मेरठ से हरिद्वार- 147 किमी 242 रुपये 40 किमी 52 रुपये
मेरठ से देहरादून- 189 किमी 291 रुपये 50 किमी 65 रुपये
(नोट: बढ़ी दूरी और बढ़ा किराया संभावित है। रूट डायवर्जन के बाद दूरी और किराया तय होगा)
रूट डायवर्जन होने के बाद बसों का संचालन उसी के हिसाब से किया जाएगा। जो भी दूरी बढ़ेगी उसमें 1.30 रुपये प्रति किमी यात्री से लिया जाएगा। - केके शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, मेरठ रीजन