बागपत: धारदार हथियार लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा रोडवेज कर्मचारी, पुलिस के छूटे पसीने, ये है मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के बागपत में पांच माह से वेतन न मिलने से नाराज रोडवेज कर्मचारी रविवार शाम को हथियार लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलने ही पुलिस मौके पर दौड़ी और युवक को नीचे उतारने के काफी प्रयास किए लेकिन वह नहीं माना। युवक ने अपनी मांग पूरी न होने पर टंकी से छलांग लगाने की धमकी दे डाली।
जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में रविवार को उस वक्त दहशत फैल गई जब रोडवेज डिपो का कर्मचारी नजदीक बनी पानी की टंकी पर जा चढ़ा। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। लोगों ने युवक से नीचे उतरने की गुजारिश की लेकिन वह ऊपर ही डटा रहा। वहीं सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे लाने की काफी मशक्कत की लेकिन इसमें पुलिस के पसीने छूट गए।
वहीं टंकी पर चढ़े डिपो कर्मचारी ने चेतावनी दी कि यदि उसे पांच माह का रुका हुआ वेतन नहीं दिया गया तो वह पानी की टंकी से छलांग लगाकर आत्महत्या कर लेगा। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। वहीं मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई है।
बताया गया कि टंकी पर चढ़ा युवक भूषण रोडवेज में आउटसोर्सिंग पर तैनात है। जहां 23 कर्मचारियों को पांच माह से वेतन नहीं दिया गया है। इससे नाराज होकर वेतन की मांग करते हुए भूषण पानी की टंकी पर चढ़ गया। फिलहाल पुलिसकर्मी उसे नीचे लाने के लिए मशक्कत कर रहे हैं।