मेरठ में फिर बड़ा हादसा: आर जी काॅलेज जा रही स्कूटी सवार छात्रा को इलेक्ट्रिक बस ने कुचला, मौके पर ही मौत
Meerut Student Accident: मेरठ में शुक्रवार सुबह जीरो माइल चौराहे पर आरजी कॉलेज की छात्रा मनीषा की स्कूटी को इलेक्ट्रिक बस ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक हिरासत में।
विस्तार
Meerut Accident News: मेरठ में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आरजी कॉलेज की छात्रा मनीषा की जान चली गई। मनीषा स्कूटी से कॉलेज जा रही थी। जैसे ही वह जीरो माइल चौराहे पर पहुंची, तभी मोदीपुरम की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक इलेक्ट्रिक बस ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें: Meerut Accident: हिंडन पुल पर भीषण हादसा, तीन की मौत, पांच घायल, अमरोहा से जा रहे थे बागपत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़ी और बस ने उसे कुचल दिया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की पहचान दौराला निवासी मनीषा पुत्री इंद्रपाल के रूप में हुई है। उसकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे की जांच की जा रही है। वहीं छात्रा की मौत की सूचना पर कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई।