सरधना। नगर और देहात क्षेत्र की ईदगाहों में शनिवार को ईद-उल अजहा की नमाज में अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। जिसमें सभी अकीदतमंदों ने अल्लाह ताआला की बारगाह में सजदा करके अपने गुनाहों से तौबा की। ईद-उल-अजहा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने भाईचारे व प्यार की मिसाल कायम की।
ईद-उल अजहा की नमाज अदा करने के बाद एक दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ। एक बार फिर लोग एक दूसरे के गले मिलकर खुशियां मनाते नजर आए। सरधना कस्बा व देहात क्षेत्र के अलावा कस्बा हर्रा, खिवाई, पांचली बुजुर्ग, दमगढ़ी, करनावल, जसड़ सुलताननगर, रोहटा, पूठ, सलाहपुर आदि गांवों में आपसी भाईचारे व एकता के साथ ईद-उल अजहा का त्योहार मनाया गया। नमाज अदा करने के बाद बच्चों ने ईदगाह के आस-पास लगी दुकानों से खरीदारी की। नमाज के बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने ईदगाह व घर घर जाकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। शहर काजी मुफ्ती शाकिर कासमी, एसडीएम दीक्षा जोशी, सीओ संजय कुमार जायसवाल, विधायक अतुल प्रधान, पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी, आगा ऐनूदीन शाह, मशकूर खान, शाहवेज अंसारी आदि ने ईदगाह में पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। पर्व को शांतिपूवर्क मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। कस्बे और गांवों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की और निगरानी रखी। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। दोपहर में एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।