थाने में 1227 लीटर शराब पी गए ‘चूहे’, गहराई से होगी जांच
मेरठ में सिविल लाइन थाने के मालखाने से माल गायब होना और रिकॉर्ड फूंकने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि इसी थाने का एक और मामला उजागर हुआ है। सुनने में अजीब लगता है। लेकिन पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 1227 लीटर देसी और अंग्रेजी शराब थाने के ‘चूहे’ पी गए हैं। मालखाने का रिकॉर्ड देखकर थाना प्रभारी भी हैरान हैं। तीन साल से पुलिस शराब पकड़कर मालखाने में दाखिल करती रही है। लेकिन वह कहां गायब हो गई, यह कोई नहीं जानता। पुलिस ने कागजों में इसकी खानापूर्ति कर दी है।
थानेदार का कहना है कि जिसकी जिम्मेदारी है, वही जवाब देगा। एसएसपी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहीं शराब को ‘चूहों’ द्वारा पीने की चर्चाओं पर पुलिस वाले कहते हैं कि मालखाने के सामान को लिखा पढ़ी में पुलिस ऐसा ही दर्शाती है।
तीन साल में एक बार हुई शराब नष्ट
पुलिस के मुताबिक सन 2015 में 153 लीटर, सन 2016 में 104 और सन 2017 में 73.5 लीटर शराब सिविल लाइन थाना पुलिस ने पकड़ी। इससे पहले 1202 लीटर शराब मालखाने में रखी थी। सन 2015 में कोर्ट के निर्देश पर 250 लीटर शराब नष्ट हुई थी। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक 1282 लीटर शराब मालखाने में होनी चाहिए। जबकि अब 55 लीटर ही शराब होना बताया गया है।
आठ माह से नहीं हुआ मुआयना
सिविल लाइन थाने का करीब आठ माह से किसी पुलिस अधिकारी ने मुआयना नहीं किया। पुलिस अधिकारी किसी कारणवश निरीक्षण नहीं कर रहे और थानों में लगातार व्यवस्था खराब होती जा रही है। सिविल लाइन के अलावा अन्य थानों का हाल भी बहुत खराब है।
गहराई से होगी जांच
एसएसपी मंजिल सैनी का कहना है कि सिविल लाइन थाने से माल गायब होने की शिकायत लगातार आ रही है। लिखापढ़ी का सामान अगर गायब मिला तो सिपाही से थानेदार तक जिम्मेदार होंगे। उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। शराब ही नहीं, थाने में अन्य सामान की भी जांच होगी। कितनी बाइक लावारिस व हादसे वाली दाखिल हुई है, वह अब थाने में है या नहीं, सब कुछ जांच में शामिल है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/