एक्सक्लूसिव : पीवीवीएनएल के छह लाख उपभोक्ताओं ने फूंकी 3553 करोड़ रुपये की बिजली, नहीं दिया बिल
पीवीवीएनएल के छह लाख के करीब उपभोक्ता नेवर पेड की श्रेणी में शामिल हैं। ये ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बावजूद बिल जमा नहीं किया है।
विस्तार
हर घर कनेक्शन का खामियाजा बिजली कंपनियों को भुगतना पड़ रहा है। पीवीवीएनएल के करीब छह लाख उपभोक्ताओं ने कनेक्शन लेने के बाद 3553 करोड़ रुपये की बिजली फूंक दी, लेकिन बिल जमा नहीं किया है। नेवर पेड की श्रेणी में शामिल इन उपभोक्ताओं में से करीब डेढ़ लाख के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। इनमें कुछ उपभोक्ताओं चोरी से बिजली फूंक रहे हैं। इससे निगम को दोहरी चोट पहुंच रही है।
पीएम सौभाग्य योजना के तहत पीवीवीएनएल ने दस लाख से ज्यादा लोगों को एक से दो किलोवाट के कनेक्शन निशुल्क दिए थे। इन कनेक्शनों के साथ मीटर, सॉकेट, होल्डर और एक एलईडी बल्ब भी दिया गया था। सरकार का मानना था कि इससे कटिया डालकर हो रही बिजली चोरी रुकेगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पीवीवीएनएल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 5 लाख 94 हजार 726 उपभोक्ता नेवर पेड (एक बार भी बिल नहीं देने वाले) श्रेणी में पहुंच गए हैं। इन उपभोक्ताओं पर विभाग का 3553.62 करोड़ रुपये बकाया हो चुका है।
नेवर पेड उपभोक्ताओं पर सख्ती करते हुए कंपनी ने क्षेत्र के 14 जनपदों में अभियान चलाया है। अब तक 1.57 लाख उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी रूप से काटे जा चुके हैं। अभियान का असर यह हुआ कि करीब 750 उपभोक्ताओं ने 44 लाख रुपये बकाया बिल जमा करके अपने कनेक्शन जुड़वाए हैं।
ये हैं आंकड़े
जोन नेवर पेड बकाया बिल
उपभोक्ता लाख रुपये में
मेरठ 44975 30593
गाजियाबाद 9260 8678
बुलंदशहर 62940 56548
सहारनपुर 160182 139841
नोएडा 21458 16290
मुरादाबाद 295911 103409
मेरठ जोन में नेवर पेड वाले 45 हजार उपभोक्ता
पश्चिमांचल में नेवर पेड वाले उपभोक्ताओं की संख्या जहां छह लाख तक पहुंच गई है, वहीं मेरठ जोन में भी इनकी संख्या करीब 45 हजार है। इन उपभोक्ताओं पर 305 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। 11 हजार कनेक्शन काटे जा चुके हैं।
बुलंदशहर समेत तीन जोन में है सर्वाधिक बकाएदार
कंपनी के मुरादाबाद, सहारनपुर और बुलंदशहर जोन में नेवर पेड वाले सर्वाधिक उपभोक्ता है। मुरादाबाद जोन में इनकी संख्या करीब तीन लाख है, तो वहीं सहारनपुर जोन में इनकी संख्या 1.60 लाख तक पहुंच गई है। वहीं, बुलंदशहर जोन में इनकी संख्या का आंकड़ा 63 हजार पहुंच गया है।
सख्ती शुरू कर दी है
नेवर पेड वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती करनी शुरू कर दी है। डेढ़ लाख से ज्यादा कनेक्शन काटे जा चुके हैं। बकायेदारों को बिल अदा कर ही बिजली लेनी होगी। - अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एमडी पीवीवीएनएल मेरठ