मवाना। खाटू श्याम मंदिर में रविवार को पवित्रा (पुत्रदा) एकादशी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सुबह भव्य आरती से शुरू हुए आयोजन में दोपहर के संकीर्तन तक पूरा मंदिर परिसर हारे के सहारे और श्याम बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। गायकों ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं दिनभर बाबा के दर्शनों के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनय दुबलिश ने बताया कि संतान प्राप्ति, उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना के लिए यह व्रत विशेष महत्व रखता है। इसके प्रभाव से पापों का नाश होता है और सच्चे मन से आए भक्त पर बाबा की असीम कृपा बनी रहती है। इस मौके पर भक्त अंजू, हिमांशु, कविता, आयुष, लक्ष्मी चौहान, रजनी, मनोज, विजयपाल, मोहित और शिवानी ने बाबा श्याम का नाना प्रकार के सुगंधित फूलों से अलौकिक शृंगार कराया। मंदिर कमेटी ने सभी देशवासियों व श्रद्धालुओं को पुत्रदा एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के आरोग्य व सुखी जीवन की कामना की।