PUBG हुआ बैन, माता-पिता को मिला चैन, युवा बोले-दूसरे विकल्प तलाशेंगे, आजमाएंगे ये गेम्स
लद्दाख में सीमा पर चीन से जारी तनातनी के बीच केंद्र सरकार ने गेमिंग एप पबजी सहित 118 चीनी एप्स पर पाबंदी लगा दी है। इस बारे में सहारनपुर जनपद में पबजी गेम खेलने वाले कुछ युवाओं से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि जिस तरह चीन मनमानी कर रहा है। उसे देखते हुए सरकार का फैसला सही है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से पबजी गेम से जुड़े होने के कारण इसे छोड़ना थोड़ा मुश्किल तो है मगर अब वे इसके दूसरे विकल्पों को खोजेंगे। प्रतिबंधित एप्स को छोड़, जो भी गेमिंग एप अच्छी लगेंगी, उसी को अपना लेंगे। वहीं अभिभावकों को काफी राहत मिली है।
पहले ही लग रहा था छोड़ना पड़ेगा पबजी
रामनगर निवासी वाशु बताते हैं कि वह चार माह से दोस्तों के साथ पबजी खेल रहे थे। जब से चीन के साथ देश के संबंध ठीक नहीं हैं, तभी से उन्हें लग रहा था कि पबजी कभी भी छोड़ना पड़ सकता है। इसलिए इसे छोड़ने का ज्यादा दुख नहीं होगा। कुछ और विकल्प मिल जाएंगे।
देश से बढ़कर तो कोई गेम नहीं
शारदानगर निवासी अंकित कहते हैं कि उनके साथ ही अन्य कई दोस्त पबजी के दीवाने रहे हैं। गेम भी काफी अच्छा है, लेकिन जब बात देश या हमारी सरकार से जुड़ी हो तो हम भी उसके साथ है। देश से बढ़कर तो कोई गेम नहीं हो सकता है।
ये नहीं तो और सही, कुछ नया मिल जाएगा
पार्वती धाम निवासी युवा रजत सैैनी का कहना है कि कोरोना काल में तो अधिकतर समय मोबाइल गेम्स पर ही बीतता है। इनमें पबजी भी शामिल रहा है। पता चला है कि इस गेम पर प्रतिबंध लग गया है। ये नहीं तो और सही...कुछ नया मिल जाएगा।
कुछ अन्य गेम्स खेल लेंगे
लेबर कालोनी के सचिन कुमार कहते हैं कि उन्होंने तो कुछ दिन पहले ही पबजी खेलना शुरू किया था। इसलिए अभी इस गेम से इतना लगाव नहीं है। उन्हें क्रिकेट सहित अन्य गेमिंग एप भी अच्छे लगते हैं। विकल्प के रूप में उन्हें आजमा लेंगे।
अभिभावकों को मिलेगी काफी राहत
पबजी की दीवानगी के बीच बच्चों से लेकर युवा तक घंटों तक इस खेल में व्यस्त रहते रहे हैं। इससे उनके अभिभावक भी काफी परेशान रहे हैं। अब पबजी जैसे खेल पर पाबंदी से उन्हें भी कुछ हद तक राहत की उम्मीद है।
इन खेलों को आजमाएंगे
इन युवाओं ने बताया कि अब वे कॉल आफ ड्यूटी, फ्री फायर, फोर्टनाइट, होपलेस लैंड, बैटलग्राउंड रोयल सहित अन्य खेलों को आजमाएंगे। इनके अलावा पहले से पसंदीदा रहे खेल भी मोबाइल पर खेलेंगे।