पीएम मोदी ने 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में बच्चों को दिए टिप्स, जिले में लाइव प्रसारण की पड़ताल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सोमवार को आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का शामली जिले के स्कूल-कॉलेजों में लाइव प्रसारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परीक्षा को लेकर दिए गए टिप्स को छात्र-छात्राओं ने ध्यान से सुना। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित कार्यक्रम को लेकर अमर उजाला ने शहर के स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर लाइव प्रसारण की पड़ताल की। कई कॉलेजों में लाइव प्रसारण की बेहतर व्यवस्था मिली तो कहीं इसकी खानापूर्ति की गई।
समय 11.10 बजे, सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल शामली
स्कूल में एक कक्ष में प्रोजेक्टर पर परीक्षा पे चर्चा का कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जा रहा था। कक्ष में कक्षा 9 व 11 के बच्चे मौजूद थे। पीएम मोदी का संबोधन प्रारंभ होते ही बच्चों में उत्साह और चेहरे पर खुशी छा गई। वाइस प्रिंसिपल तूलिका गोयल ने बताया कि कक्षा 10 और 12 की परीक्षा होने के कारण फिलहाल इस प्रसारण को नहीं देख पा रहे हैं। परीक्षा खत्म होने के बाद उन्हें भी कार्यक्रम दिखाया जाएगा।
समय 11.30 बजे, आरके इंटर कॉलेज शामली
इस कॉलेज में पीएम के लाइव प्रसारण दिखाए जाने की व्यवस्था नहीं की गई थी। प्रधानाचार्य कैप्टन लोकेंद्र सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा होने के कारण 10वीं और 12वीं के अधिकांश छात्र नहीं आ रहे हैं। बाकी कक्षा में भी बच्चों की संख्या कम रही है। इस वजह से कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था नहीं की गई थी। बच्चों को घर पर ही पीएम का लाइव प्रसारण देखने के लिए कहा गया है।
समय दोपहर 12 बजे, जैन कन्या इंटर कॉलेज शामली
इस कॉलेज में एक कक्ष में लैपटॉप पर छात्राओं के परीक्षा पे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जा रहा था। यहां पर कक्षा 10 व 12 की छात्राएं पीएम के परीक्षा संबंधी टिप्स को ध्यान से सुन रही थीं। छात्राओं ने बताया कि परीक्षा के दौरान इस तरह से पीएम मोदी ने कार्यक्रम किया, इससे उन्हें पढ़ाई और परीक्षा दोनों में लाभ मिलेगा। कॉलेज की शिक्षिका रुमा गर्ग व मुन्नी सिंह ने बताया कि सुबह ही पीएम के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था कर दी गई थी।
दोपहर 12.10 बजे, वीवी इंटर कॉलेज शामली
कॉलेज में शिक्षकों का सम्मेलन होने के कारण छात्रों की छुट्टी थी। उस समय कहीं पर लाइव प्रसारण नहीं चल रहा था। प्रधानाचार्य एसके आर्य ने बताया कि टीवी पर लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई थी। कॉलेज में स्काउट के बच्चों ने थोड़े समय पीएम की बातों को सुना।
दोपहर 12.20 बजे, हिंदू कन्या इंटर कॉलेज शामली
कॉलेज में कोई लाइव प्रसारण नहीं दिखाया जा रहा था। कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. दीपाली गर्ग ने बताया कि सुबह 11 से 12 बजे तक छात्राओं को पीएम मोदी का कार्यक्रम दिखाया गया है। इसके बाद शिक्षकों के कार्यक्रम में अधिकतर शिक्षिकाएं चली गईं, जिस कारण छात्राओं को भी घर भेज दिया था।
दोपहर 12.30 बजे, सरतीदेवी राजाराम पब्लिक स्कूल
स्कूल के ऑडिटोरियम में प्रोजेक्टर पर पीएम मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जा रहा था। कक्षा 8, 9, 11 के छात्र-छात्राएं कार्यक्रम को देख रही थीं। इस स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा खुशी गोयल दिल्ली में चल रहे इस कार्यक्रम में तीन बार दिखाई देने पर छात्र-छात्राओं में अलग ही उत्साह और खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम के बीच में करीब 10 मिनट तक नेटवर्किंग की समस्या के कारण प्रसारण बाधित रहा था। प्रधानाचार्या मधु शर्मा ने बताया कि 11 बजे से एक बजे तक दो घंटे तक परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया है।
दिल्ली में आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए कक्षा छह से ऊपर के बच्चों के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था करने के निर्देश सभी स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को दिए गए थे। अगर किसी स्कूल-कॉलेज में लाइव प्रसारण की व्यवस्था नहीं की गई है, तो उसकी जानकारी की जाएगी। - सरदार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/