मेरठ। शहर को जाम मुक्त करने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। अवैध ई-रिक्शा और अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सीट बेल्ट और हेलमेट न लगाने वालों पर भी कार्रवाई होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध कट बंद कराए जाएंगे। साथ ही हापुड़ अड्डे पर टेंपो और ई-रिक्शा स्टैंड बनाया जाएगा।
बुधवार को जिलाधिकारी ने बचत भवन में यातायात व्यवस्था के संबंध में बैठक की और निर्देशित किया। जिलाधिकारी के. बालाजी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के 12 चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल को ठीक कराया जाए और ब्लैक स्पॉट मौके पर जाकर देखें और कार्रवाई करें। अवैध ई-रिक्शा जब्त करने के बाद उन्हें एक स्थान पर खड़ी करने के लिए जगह चिह्नित की जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाधिकृत निर्माण पर कार्रवाई के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को हिदायत दी। जिले में 6359 पंजीकृत ई-रिक्शा हैं, जिले में एक जनवरी से अब तक 5919 चालान काटे गए हैं। 24 लाख 75 हजार शमन शुल्क वसूला गया है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर अजय तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक यातायात जितेंद्र श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट एसके सिंह, एसीएम कमलेश गोयल, सुनीता सिंह, चन्द्रेश सिंह, सहायक नगरायुक्त ब्रजपाल सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरविंद कुमार, एनएचएआईए कैंट बोर्ड और एमडीए व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी रहे।