{"_id":"6110bccb8ebc3e7a807a808e","slug":"politics-started-in-the-case-filed-against-the-representative-of-bjp-mla-sangeet-som-in-meerut","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ तक गूंजा मामला: भाजपा विधायक संगीत सोम के प्रतिनिधि पर दर्ज मुकदमे में सियासत शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ तक गूंजा मामला: भाजपा विधायक संगीत सोम के प्रतिनिधि पर दर्ज मुकदमे में सियासत शुरू
Mon, 09 Aug 2021 10:57 AM IST
Dimple Sirohi
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
Published by: Dimple Sirohi
Updated Mon, 09 Aug 2021 10:57 AM IST
सार
सिपाही पर हमले के मामले की गूंज लखनऊ तक पहुंचते ही इंस्पेक्टर सरधना ब्रिजेश सिंह और एसएसआई सुभाष सिंह छुट्टी पर चले गए। इसे लेकर पुलिस विभाग में अलग-अलग चर्चाएं हैं।
विज्ञापन
मेरठ एसएसपी प्रभाकर चौधरी।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
मेरठ से सटे सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम के प्रतिनिधि और मैनेजर पर सिपाही पर हमले के मामले में मुकदमा दर्ज होने पर सियासत शुरू हो गई है। नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सुबूत जुटाए। इसमें पता चला कि सिपाही पर हमला करते समय विधायक के प्रतिनिधि और मैनेजर ने जान से मारने की धमकी दी है। एसएसपी ने एसपी देहात से रिपोर्ट मांगी है।
विज्ञापन
सरधना के अकलपुरा में ठाकुर और अनुसूचित जाति के लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इस मामले की जानकारी पर चार अगस्त को पुलिस पहुंची थी। आरोप है कि सिपाही दीपपाल पर संगीत सोम के प्रतिनिधि शेखर सोम और मैनेजर विनोद ने हमला किया। जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। चार अगस्त को सिपाही की तहरीर पर शेखर सोम और विनोद पर गुपचुप तरीके से केस दर्ज कर लिया गया।
विज्ञापन
रविवार को इस मामले की जानकारी लखनऊ तक पहुंची। इस पर शासन ने भी रिपोर्ट मांगी ली है। इस प्रकरण में अब सियासत शुरू हो गई। बताया गया है कि सिपाही दीपपाल से साथ गए पुलिसकर्मियों और चौकी इंचार्ज से भी इस मामले की जानकारी ली गई। उन्होंने भी सिपाही के आरोपों का समर्थन करते हुए दोनों आरोपियों की शिकायत की है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियाें के बयान भी दर्ज कराने की बात कही है।
विज्ञापन
चार दिन में एक कदम नहीं बढ़ी जांच, छुट्टी पर गए इंस्पेक्टर
सिपाही पर हमले के मामले की गूंज लखनऊ तक पहुंचते ही इंस्पेक्टर सरधना ब्रिजेश सिंह और एसएसआई सुभाष सिंह छुट्टी पर चले गए। इसे लेकर पुलिस विभाग में अलग-अलग चर्चाएं हैं। पुलिस भले ही जांच का दावा कर रही हो, लेकिन विधायक के दबाव में पुलिस चार दिन में एक कदम आगे नहीं बढ़ी है।
चर्चा है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस दबाव में है। पीड़ित सिपाही के साथ उसके साथी सिपाही, चौकी इंचार्ज ने उसके आरोपों का समर्थन कर दिया है। इससे पुलिस अधिकारियों में भी खलबली मची है।
सिपाही की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी। तथ्य के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। जो सिपाही मौके पर थे, उनसे जानकारी ली जा रही है। एसपी देहात से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। -प्रभाकर चौधरी, एसएसपी