Police raid: कैसिनो के लिए गोवा से बुलाई थीं नेपाली युवतियां, हीरा कारोबारी, अफसर व नेताओं के बेटों समेत 43 को भेजा जेल
पुलिस टीम ने मौके से छह नेपाली और दिल्ली की दो व चंडीगढ़ की एक महिला गिरफ्तार की है। पकड़ी गई नेपाली महिलाएं गोवा के क्लब में काम करती थीं। इन्हें जुआ खिलाने के लिए गोवा से ही बुलाया गया था।
विस्तार
दिल्ली-देहरादून बाईपास पर वेदव्यासपुरी कॉलोनी स्थित ओक ट्री रिसॉर्र्ट में कैसिनो खेलते 43 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें हीरा कारोबारी, नेताओं और अफसरों के बेटे और नौ महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से सात लाख 58 हजार रुपये नकद, 12 लग्जरी कारें, 51 मोबाइल और कैसिनो क्वाइंस भी बरामद किए हैं।
एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात एसओजी को ओक ट्री रिसॉर्ट में कैसिनो चलने की सूचना मिली थी। टीम भेजकर पहले रेकी कराई गई और इसके बाद छापा मारा गया। रिसॉर्ट में तीन टेबल पर जुआ चल रहा था। पुलिस टीम ने मौके से छह नेपाली और दिल्ली की दो व चंडीगढ़ की एक महिला गिरफ्तार की है।
यह भी पढ़ें: Online Casino: लीज पर लिया था रिसॉर्ट, शराब-कबाब संग चल रही थी कैसिनो पार्टी, पुलिस पहुंची तो उड़े रईसजादों के होश
पकड़ी गई नेपाली महिलाएं गोवा के क्लब में काम करती थीं। इन्हें जुआ खिलाने के लिए गोवा से ही बुलाया गया था। रविवार को पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से रविवार को सभी को जेल भेज दिया गया। एसपी के अनुसार पूरा सिंडिकेट दिल्ली में बैठे रवि, कपिल और देहरादून के पीयूष चला रहे थे।
नितिन और अरविंद ने लीज पर लिया था रिसॉर्ट
एसपी ने बताया कि बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बा निवासी नितिन और शामली के सिंभालका गांव के अरविंद ने ओक ट्री रिसॉर्ट दो साल पहले लीज पर लिया था। यहां वैवाहिक आयोजन भी होते थे। उनका दावा है कि मेरठ में आरोपियों ने पहली बार कैसिनो पार्टी आयोजित की थी।
खंगाला जा रहा आपराधिक रिकॉर्ड
रिसॉर्ट में कैसिनो चलाने के मामले में पकड़े गए सभी 43 आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी