सीजेपी आंदोलन पर पुलिस की सख्ती: सपा सांसद हरेंद्र मलिक और विधायक हिरासत में; शामली में किसान कार्यकर्ता रोके
सीजेपी आंदोलन: जंतर-मंतर कूच के दौरान सपा सांसद हरेंद्र मलिक और उनके विधायक बेटे पंकज मलिक को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। शामली में भाकियू नेता मास्टर जाहिद समेत कार्यकर्ताओं को रोका गया। बागपत रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने चेकिंग कर युवकों से पूछताछ की।
विस्तार
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्तूबर को प्रस्तावित सीजेपी और विपक्षी दलों के आंदोलन को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पुलिस सतर्क रही। मुजफ्फरनगर के सपा सांसद हरेंद्र मलिक और उनके विधायक बेटे पंकज मलिक को दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने जाते समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शामली में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री मास्टर जाहिद समेत कार्यकर्ताओं को एक शिक्षण संस्थान में रोका गया। वहीं, बागपत रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर कुछ युवकों से पूछताछ की।
सपा सांसद हरेंद्र मलिक और विधायक पंकज मलिक हिरासत में
मुजफ्फरनगर से सपा सांसद हरेंद्र मलिक और उनके विधायक बेटे पंकज मलिक दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी और विपक्षी दलों के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान दिल्ली के जनपथ रोड पर पुलिस ने दोनों को अपने घेरे में लेकर हिरासत में ले लिया। हरेंद्र मलिक ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए अब देश को आगे आना होगा।
शामली में भाकियू कार्यकर्ताओं को रोका
दिल्ली में शनिवार को होने वाले विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री और पूर्व जिला पंचायत सदस्य मास्टर जाहिद समेत कई कार्यकर्ताओं को शामली पुलिस ने रोक लिया। उन्हें सोंटा रसूलपुर स्थित जेए नेशनल एकेडमी में रोका गया।
मास्टर जाहिद ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने लोकतंत्र को कायम रखने की बात भी कही।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर कूच पर पहरा: मेरठ में भारी पुलिस बल तैनात; वाहनों की चेकिंग, सौ से ज्यादा विपक्षी नेता नजरबंद
बागपत रेलवे स्टेशन पर पुलिस की चेकिंग
दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए बागपत पुलिस भी सतर्क रही। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने कुछ युवकों को रोककर उनसे पूछताछ की। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई।
मेरठ समेत पश्चिमी यूपी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रदर्शन को लेकर मेरठ में भी प्रमुख हाईवे, जिले की सीमाओं और टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। काशी और सिवाया टोल प्लाजा पर पुलिस, पीएसी और आरएएफ की तैनाती की गई। इससे पहले मेरठ में विपक्षी दलों, किसान संगठनों और सामाजिक संगठनों के 100 से अधिक नेताओं को नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगरानी रख रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.