Meerut: ट्यूबवेल पर पानी-पीने के विवाद में दो समुदाय के लोग भिड़े, जमकर पथराव, आठ घायल
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी में दलित समाज का एक युवक ट्यूबवेल पर पानी पीने के बाद खड़ा था। खेत मालिक ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। मकान की छतों से भी जमकर पथराव हुआ। इसमें दोनों पक्षों की ओर से आठ लोग घायल हो गए।
रविवार को गांव खेड़ी निवासी दलित समाज के राजन, कुनाल, आदित्य गांव के ही जाट समाज के अंजुल सिवाच के खेत में गेहूं की फसल काट रहे थे। तभी कुनाल पानी पीने उनकी ट्यूबवेल पर चला गया।
आरोप है कि पानी पीने पर अंजुल, जगपाल व शेखर सिवाच ने जातिसूचक शब्द बोलते हुए उसे जमकर पीटा। इससे वह घायल हो गया। आरोप है कि सोमवार को बुग्गी पर जा रहे अंजुल पक्ष के सिविक ने राजन को डंडा दिखाया, जिसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ गया।
जगपाल का आरोप है कि रविवार को उनके खेत पर पानी को लेकर कुछ विवाद हुआ था। इसके बाद उनका बेटा सिविक बुग्गी लेकर खेतों से घर लौट रहा था। वहीं पर राजन, कुनाल, दिलीप, विशाल, सुरेखा, अज्ञेय, आकाश, मोहित, कार्तिक आदि ने उसे घेरकर पीटा। विरोध में जब परिवार के लोग पहुंचे तो उन पर पथराव कर दिया। दोनों ओर से हुए पथराव और हंगामे के बीच दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हो गए हैं।
सोमवार की दोपहर दलित समाज के लोग आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव डाॅ. ओमप्रकाश और प्रदेश संगठन मंत्री संजीव पाल के नेतृत्व में थाने पहुंचे और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।