दर्दनाक: पहली बार स्कूल जा रहे मासूम की हादसे ने ली जान, ई-रिक्शा पलटने से हुआ हादसा
मेरठ के मवाना थानाक्षेत्र में घर से पहली बार स्कूल में कदम रखने पैदल जा रहे मासूम की दर्दनाक माैत हो गई। ई रिक्शा पलटने से हादसा हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने तीन घंटे मार्ग जाम रखा।
विस्तार
मेरठ के मवाना थानाक्षेत्र में गांव मटौरा में घर से पैदल पहली बार स्कूल जा रहे पांच साल के मासूम वैभव की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मारी और पलट गया। इसके नीचे दबने से वैभव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक ई-रिक्शा को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
घटना से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने तीन घंटे तक मवाना-जयसिंहपुर मार्ग जाम लगा दिया। मार्ग पर बाइक, बोगी सहित अन्य वाहन लगाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद परिजनों ने शव को उठने दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें: सौरभ हत्याकांड: जेल में जमकर नाची कातिल मुस्कान, सुंदरकांड का पाठ भी किया; प्रेमी साहिल को है ये एहसास
मटौरा निवासी पेंटर मुकेश कुमार का पांच वर्षीय पुत्र वैभव मंगलवार सुबह सवा आठ बजे परिवार के तीन-चार बच्चों के साथ गांव में ही स्थित स्कूल के लिए चला था। बच्चे जैसे ही रास्ते में पहुंचे तो गांव मीवा निवासी एक व्यक्ति ई-रिक्शा को लापरवाही से चलाते हुए पहुंचा।
ई-रिक्शा की टक्कर वैभव को लगी तो हड़बड़ाहट में ई-रिक्शा के चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए। इससे ई-रिक्शा वैभव के ऊपर पलट गया। चालक मौके से भाग गया। साथ वाले बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और ई-रिक्शा के नीचे दबे वैभव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
हादसे में बच्चे की मौत का पता चलते ही परिवार के लोग बिलखने लगे। वे अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में बच्चे का शव सड़क पर रखकर मवाना-जयसिंहपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना पुलिस और सीओ अभिषेक पटेल पहुंचे। जाम लगा रहें लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जाम लगा रहे लोगों ने तुरंत आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरु कर दिया।