बागपत: पुलिस मुठभेड़ में पंद्रह हजार का इनामी घायल, युवती को गोली मारकर हुआ था फरार
जानकारी के अनुसार रमाला थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा रजवाहे की पटरी पर बाइक सवार बदमाशों की गुरुवार तड़के पुलिस से मुठभेड़ हुई। पुलिस को देखकर बदमाश ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में पुलिस पैरों में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश कपिल को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश शामली जिले के ऊन का रहने वाला है। उस पर पंद्रह हजार का इनाम भी रखा गया है। यह बदमाश बागपत में युवती को गोली मारकर घायल करने के मामले में फरार चल रहा था।
वहीं मुठभेड़ की सूचना पर सीओ रमाला अनुज चौधरी भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मौके से एक बाइक व तमंचा बरामद हुए हैं।