खबर का असर: सरधना में प्रस्तावित बस अड्डे के बाहर कूड़े का अंबार, हंगामे के बाद जागा प्रशासन
शनिवार को सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा वाहनों को नगर पालिका के गेट के आगे खड़ा कर दिए और कहा कि प्रशासन बताए कि कूड़ा कहां डाला जाए। इसके बाद एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय ने इसके बाद जेसीबी से रोडवेज की भूमि की चहारदीवारी के बाहर से कूड़ा हटवाने का निर्देश दिए।
विस्तार
मेरठ के सरधना नगर से सटी हुई करीब 15 बीघा भूमि पर नगर पालिका ने कूड़ा घर बना दिया है, जबकि तहसील मुख्यालय से चंद कदम की दूरी पर स्थित इस भूमि को रोडवेज बस अड्डे के लिए चिह्नित किया गया है। लाखों रुपये की लागत से इसकी बाउंड्री कराई गई है। प्रस्तावित रोडवेज बस अड्डे के निर्माण के लिए विधायक संगीत सोम ने करीब तीन वर्ष पूर्व शिलान्यास भी कर किया था। इस भूमि को डंपिंग ग्राउंड बनाए जाने से नगर की जनता और राहगीर खासे परेशान हैं। शुक्रवार को स्थानीय लोगों के हंगामे और अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने इस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
तहसील मुख्यालय और विधायक संगीत सोम के कैंप कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर तीन वर्ष पूर्व तत्कालीन एसडीएम राकेश कुमार सिंह के कार्यकाल में करीब 15 बीघा भूमि रोडवेज बस अड्डे के लिए चिह्नित की गई थी। 2018 में इस भूमि की चहारदीवारी के लिए पालिका ने करीब 32 लाख रुपये खर्च किए थे। करीब दो वर्ष से इस भूमि पर नगर पालिका द्वारा शहर से निकलने वाले कूड़े को डाला रहा है। हालात यह हो चुके हैं कि इस 15 बीघा भूमि पर कूड़ा डालने के लिए अब जगह शेष नहीं बची है। अब चहारदीवारी के बाहर सड़क पर ही कूड़ा डाला जा रहा है।
बरसात के दिनों में यह कूड़ा सड़क पर फैलकर कीचड़ पैदा कर रहा है। वहीं, सड़क के दूसरी ओर धान की पुआल से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी होती हैं। गंदगी और पुआल से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी होने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है। गर्मी के दिनों में कूडे़ के ढेर में आग लगने से लोग धुएं से परेशान व बरसात के समय गंदगी के ढेर में उठने वाली दुर्गंध से परेशान होना पड़ रहा है। यहां लोगों का जीना दूभर हो गया है।
इसी मार्ग से विधायक, एसडीएम, सीओ, तहसीलदार समेत जिले के आला अधिकारी गुजरते हैं। यहां बदतर होते हालात की ओर किसी का ध्यान नहीं है। गुरवार को बस्ती निवासी फुरकान, नूर मोहम्मद, नाजिम आदि ने एसडीएम से शिकायत करते हुए गंदगी से निजात दिलाने की मांग की थी। वहीं जब इसकी खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो इसका असर शनिवार को दिखाई दिया।
शनिवार को जब सफाई कर्मचारी कूड़ागाड़ी लेकर यहां पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा वाहनों को नगर पालिका के गेट के आगे खड़ा कर दिया और कहा कि प्रशासन बताए कि कूड़ा कहां डाला जाए।
इसके बाद एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय ने कहा कि यदि कोई सड़क पर कूड़ा डालते पकड़ा गया तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके बाद जेसीबी से रोडवेज की भूमि की चहारदीवारी के बाहर से कूड़ा हटवाने का निर्देश दिए। इसके बाद सफाई कर्मचारी जेसीबी की मदद से कूड़े को चहारदीवारी के अंदर डलवाया गया।
- प्रस्तावित रोडवेज बस अड्डे की चहारदीवारी के बाहर डाले गए कूड़े को उठवाकर अंदर डलवाया जाएगा। जेसीबी भेजकर साफ सफाई कराई जाएगी। - अमित कुमार भारतीय, एसडीएम, सरधना