मेरठ: किशोरी की मौत पर जमकर हंगामा, पुलिस के साथ हुई तीखी नोकझोंक, डॉक्टरों पर लगाया गंभीर आरोप
Meerut News : मुजफ्फरनगर की एक किशोरी की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी तीखी नोकझोंक हुई।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के तेल मंडी थाना क्षेत्र के अलमासपुर की रहने वाली 16 वर्षीय एक किशोरी की मेरठ में पल्लवपुरम क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर परिजनों को शांत कराया।
मुजफ्फरनगर के अलमासपुर गांव निवासी तन्नू सैनी पुत्री सुनील सोनी को बुधवार को उपचार के लिए पल्लवपुरम स्थित शिवलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जीजा रोहित ने बताया कि उससे पहले तन्नू सैनी का उपचार खतौली में चल रहा था। तन्नू सैनी के पेट में काफी दिनों से दर्द था। खतौली के चिकित्सकों ने शिवलोक अस्पताल में भर्ती करा दिया।
वहीं, बृहस्पतिवार को तन्नू की ज्यादा तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि परिजनों ने तन्नू को दूसरे अस्पताल में ले जाना चाहा, लेकिन चिकित्सकों ने ले जाने नहीं दिया। चिकित्सकों की लापरवाही के चलते उसकी मौत हो गई है। तन्नू सैनी के परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
उधर, हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजनों की पुलिस से भी तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर परिजनों को किसी तरह शांत कराया। परिजनों ने चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: खाकी ने किया ऐसा कांड: रातभर गिड़गिड़ाती रही युवती, नहीं पसीजा किसी अफसर का दिल
थाना प्रभारी राजेश कांबोज का कहना है कि किशोरी के परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। अभी पंचनामा भी नहीं भरने दिया गया है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: अनोखा मामला: साहब! पति ने नहीं मनाई सुहागरात, आपबीती सुन उड़े पुलिस के होश, नौ माह पहले होटल में हुई थी शादी