Saharanpur: सामूहिक दुष्कर्म की घटना से ग्रामीणों में उबाल, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और एनएसए की मांग
सहारनपुर के गंगोह थानाक्षेत्र में छात्रा से दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग उठाई। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
विस्तार
गंगोह थानाक्षेत्र में कक्षा 11 की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और एनएसए के तहत कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली के सामने सड़क जाम करते हुए जमकर नारेबाजी की। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा और एसपी देहात सागर जैन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
बता दें कि सोमवार को एक गांव निवासी कक्षा 11 की छात्रा के साथ कालेज से लौटते वक्त बाइक पर लिफ्ट देकर दो युवकों ने गांव बाढीमाजरा के जंगल में ले जाकर अपने तीन अन्य साथियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। इसके बाद वे पीड़िता को बदहवास हालत में कसबे के शिव चौक पर छोड़ कर फरार हो गए थे।
यह भी पढ़ें: Meerut News: स्पोर्ट्स फैक्टरी के सुपरवाइजर और उसके साथी पर महिलाओं के यौन शोषण का आरोप
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो आरोपियों अंकुर पुत्र धीरज, अमन पुत्र खिलारी निवासीगण गांव आसरा खेडी नकुड़ को सोमवार को ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि बाकि तीन आरोपियों गांव बाढी माजरा निवासी शावेज पुत्र हाशिम, सरवेज और सादिक पुत्र अलीहसन को भी देर रात पकड़ लिया।
सुबह जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को इनकी गिरफ्तारी का पता चला तो वे एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे और गेट के सामने सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। गुस्साएं लोग आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई और उनके घरों को ध्वस्त कराने की मांग कर रहे थे।
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि पांचों आरोपी पकड़ लिए गए हैं। पुलिस का प्रयास होगा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रेक कोर्ट में करा कर उन्हे जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।