सीसीएसयू: परीक्षा फॉर्म में भारी गड़बड़ियां, कैंपस पहुंची छात्राओं से बदसलूकी, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समस्याओं के समाधान को लेकर कुलपति ने देर शाम बैठक बुलाकर रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 जनवरी कर दी है। कॉलेज में फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 3 फरवरी और कॉलेजों द्वारा विवि कैंपस में फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि पांच फरवरी है।
मंगलवार से कंपनी प्रतिनिधि को छात्राओं के अलग काउंटर बनाने को कहा गया है। इसके अलावा छात्र-छात्राएं कुलपति, रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक की मेल आईडी पर भी शिकायत कर सकते हैं।
सीसीएसयू में यूजी-पीजी की मुख्य परीक्षाओं के लिए चार जनवरी से आवेदन किए जा रहे हैं। अधिकतर छात्र-छात्राओं के सामने फॉर्म नहीं खुलने, एनरोलमेंट नंबर, बीए में एकल विषय समेत तमाम दूसरी समस्याएं आ रही हैं। विवि प्रशासन ने फॉर्म में आ रही समस्याओं को हल कराने के लिए कैंपस के कमरा नंबर 309 में कंपनी के प्रतिनिधियों को बिठाया हुआ है। रोजाना दूसरे जिलों से भी छात्र समस्याओं को लेकर यहां आ रहे हैं।
सोमवार को समस्याओं को हल कराने के लिए कमरा न. 309 के सामने काफी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे। इस दौरान छात्राओं ने छात्रों पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा से शिकायत की। छात्राओं की शिकायत पर रजिस्ट्रार ने सभी छात्राओं के फॉर्म अपने ऑफिस में जमा कराए।
हंगामे की सूचना पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. वीरपाल सिंह और डॉ. दुष्यंत कुमार भी मौके पर पहुंचे। छात्राओं का कहना था कि विवि प्रशासन को छात्राओं के लिए अलग काउंटर बनाना चाहिए था। नोएडा-गाजियाबाद और दूसरे जिलों से आई छात्राओं का कहना था कि प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद वह किस नंबर पर पूछें कि काम हुआ या नहीं यह भी नहीं बताया जा रहा है।
कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर कंपनी की तरफ से व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। देर शाम कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने रजिस्ट्रार और शिक्षकों के साथ बैठक की।
कंपनी के प्रतिनिधि को स्पष्ट कहा गया है कि वह छात्राओं की समस्या के लिए मंगलवार से अलग काउंटर पर अपने प्रतिनिधि बिठाने की व्यवस्था करें। इसके साथ ही वेबसाइट पर समस्याओं के संबंध में एक हेल्प लाइन नंबर भी जारी करने को कहा गया। सोमवार को आए प्रार्थना पत्रों की समस्याएं रात में ही निपटाने के दिशा-निर्देश दिए गए।
कमरा न. 309 के बाहर आजकल बाहरी युवकों की भीड़ लगी है। यह अपने जानकारों के फार्म ठीक कराने के लिए अंदर घुस जाते हैं। इससे भी पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो रही है।
कुलपति कार्यालय की मेल आईडी पर भी कर सकते हैं शिकायत
छात्र-छात्राओं की समस्या को देखते हुए कुलपति कार्यालय की मेल आईडी पर भी शिकायत की जा सकती है। छात्रों के फॉर्म में जो समस्या आ रही है उसे लिखकर कुलपति, रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक की ऑफिशियल मेल आईडी पर भेज दें। प्रार्थना पत्र पर अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें। इसके बाद छात्र-छात्राओं को कैंपस आने की जरूरत नहीं है। उनकी समस्या का हल कराया जाएगा।
विवि प्रशासन ने छात्रों को कहा है कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। सबके फार्म भरे जाएंगे। जिनकी समस्या का हल नहीं हुआ है वह भी इन मेल आईडी पर अपना प्रार्थना पत्र भेज दें। मेल में समस्या के साथ अपनी पूरी जानकारी दें।
यह हैं मेल आईडी
vc@ccsuniversity.ac.in
registrar@ccsuniversity.ac.in
examcontroller@ccsuniversity.ac.in