Mission Admission: दाखिले की दौड़ में मेरठ के 42,666 छात्र-छात्राएं, कल पंजीकरण, इन कोर्सेज में हैं संभावनाएं
कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजों के बाद अब स्नातक के लिए एडमिशन की दौड़ शुरू हो गई है। तकनीकी कारणों से सोमवार से स्नातक में पंजीकरण शुरू नहीं हो सके। लेकिन बुधवार से पंजीकरण शुरू हो सकते हैं। सीसीएसयू में बीए, बीएससी, बीकॉम के अलावा कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
विस्तार
मेरठ जिले के 42,666 छात्र-छात्राएं 12वीं की परीक्षा पास कर ग्रेजुएशन में दाखिले की दौड़ में हैं। इनमें यूपी बोर्ड के 31,573, सीबीएसई 10,632 और आईएससी के 461 विद्यार्थी शामिल हैं। छात्र कॉलेज के साथ-साथ सीसीएसयू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में भी आवेदन कर सकते हैं। तकनीकी कारणों से सोमवार से स्नातक में पंजीकरण शुरू नहीं हो सके। अधिकारियों के अनुसार बैंक से ‘की’ मिलने पर बुधवार से पंजीकरण शुरू हो सकते हैं।
सीसीएसयू के डीएसडब्ल्यू भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 12वीं पास विद्यार्थी बीए, बीएससी व बीकॉम के अलावा अपनी पसंद की स्ट्रीम में भी प्रवेश पा सकते हैं। सीसीएसयू में स्नातक के लिए कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी चल रहे हैं। सब कुछ सही रहा तो बुधवार से पंजीकरण शुरू हो जाएंगे। प्रत्येक पाठ्यक्रम की सीटों का निर्धारण हो गया है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: नौचंदी मेला शुरू, 30 दिन तक होंगे कार्यक्रम, हज टीकाकरण कैंप आज से
नए सत्र में ये शुरू हो सकते हैं कोर्स
-सीसीएसयू के होमसाइंस विभाग में बीए, बीएससी कराएगा। अभी तक फूड एंड न्यूट्रिशियन और ह्यूमन डेवलपमेंट पर एमएससी होती है। इनका बोर्ड ऑफ स्टडीज से पाठ्यक्रम तैयार कर लिया है। जल्द एकेडमिक काउंसिल (विद्वत परिषद) व कार्यपरिषद (ईसी) की बैठक में मुहर लगेगी।
-सीसीएसयू में बी-फार्मा कोर्स शुरू होगा। जून के पहले सप्ताह में फॉर्मेसी ऑफ इंडिया (पीएफआई) की टीम निरीक्षण करने के लिए आएगी। पहली बार कोर्स शुरू होगा, इसलिए पीएफआई ही सीटों का निर्धारण करेगी।
-बैचलर ऑफ फाइन आर्ट (बीएफए) में मूर्ति कला, लिप्पन आर्ट, फैब्रिक आर्ट, पेपर मैसी आर्ट, सीक्विन आर्ट, वेस्ट ऑफ दे वेस्ट (बेकार सामान से आकर्षक कलाकृति बनाना) आदि स्ट्रीम।
-उद्योग व कारपोरेट के हिसाब से फूड, पैकेजिंग, ज्वेलरी, स्पोर्ट्स व पाॅलीमर इंडस्ट्रीज, कृषि, डिजायन, नैनो टेक्नालोजी, आर्टीफिशियल इंटेलीजेंसी आदि स्किल डिप्लोमा कोर्स।
-योगा विभाग पंचकर्मा का सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करेगा। इसमें 60 विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा। छह माह के इस कोर्स में 12वीं पास प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
-बीए व बीकॉम ओडीएल (ऑनलाइन डिस्टेंस लर्निंग) कोर्स शुरू होंगे। इसमें हर सप्ताह दो दिन ऑनलाइन कक्षा होगी।
सीसीएसयू में स्नातक पाठ्यक्रम और सीट
पाठ्यक्रम सीट
बीए (ऑनर्स) इकोनॉमिक्स 40
बीए (ऑनर्स) इतिहास 40
बीएससी (ऑनर्स) (केमिस्ट्री) 60
बीकॉम (ऑनर्स) 120
बीएससी (ऑनर्स) कंप्यूटर साइंस 60
बीएससी (ऑनर्स) होमसाइंस 60
बीए-एलएलबी (पांच वर्ष) 60
बीजेएमसी (ऑनर्स) 60
बी.टेक (एई) 60
बी.टेक (सीएस) 60
बी.टेक (आईटी) 60
बी.टेक (ईसी) 60
बी.टेक (एमई) 60
बी.टेक (सीई) 60
लाइब्रेरी एंड इंफोरमेशन साइंस
पाठ्यक्रम सीट
(बीएलआई साइंस) 50
बैचलर इन फिल्म एंड
थियेटर स्टडीज 40
बैचलर इन सिनेमैटोग्राफी 40
बीएससी (फूड माइक्रोबायोलॉजी,
सेफ्टी एंड क्लालिटी कंट्रोल) 30
बीए/बीएससी (ऑनर्स) जियोग्राफी 40
बीए. (ऑनर्स) अंग्रेजी 40
बीए/बीएससी योगा साइंस 60
बीएससी बायोटेक्नालोजी 30
बीएफए 40
बैचलर ऑफ फैशन डिजाइन 40
बीबीए 60
बीपीईएस (बैचलर ऑफ
फिजिकल एजूकेशन) 60
एनिमेशन व ग्राफिक्स के कोर्स चुन सकते हैं
फिलहाल 12वीं में उत्तीर्ण होने वाले अधिकतर छात्रों की रुचि मनोविज्ञान में देखने को मिल रही है। यह एक अच्छा विकल्प है। इसमें ऑनर्स कर सकते हैं। विद्यार्थियाें की पसंद दिल्ली विश्वविद्यालय का एलएसआर कॉलेज बन रहा है। इसके अलावा अगर आप रचनात्मक हैं, तो एनिमेशन कोर्स भी अपना सकते हैं। इन दिनों जापान के एनिमे से काफी युवा प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में एनिमेशन व ग्राफिक्स के कोर्स अपनाकर अपनी रुचि को कॅरिअर के रूप में बना सकते हैं। - सिमरन कौर, काउंसलर, केएल इंटरनेशनल स्कूल
क्रिएटिव और रिसर्च ओरिएंटेड कोर्स में हैं संभावनाएं
एकेडमिक कोर्स बीए, बीएससी, बीकॉम और प्रोफेशनल कोर्स इंजीनियरिंग, मेडिकल, सीएस के अलावा कई ऐसे कोर्स हैं जो रचनात्मक सोच वाले छात्र-छात्राओं के लिए बने हैं। क्रिएटिव कोर्सों में आईटी सेक्टर के अलावा ज्वेलरी डिजाइनिंग, लैदर डिजाइनिंग शामिल हैं। शोध के क्षेत्र में रुचि रखते हैं तो बीएससी, बायो टेक्नोलॉजी, बायो केमिस्ट्री कर सकते हैं। - ऋतु कौशिक, कॅरिअर काउंसलर, दीवान पब्लिक स्कूल
आगामी पांच वर्षों को देखकर चुनें कोर्स
छात्र को स्नातक और परास्नातक पूरा करने में पांच साल का समय लगता है। ऐसे में अपनी रुचि को ध्यान में रखते हुए ऐसे कोर्स चुनें जो भविष्य की भी जरूरत हो। - असीम कुमार दुबे, प्रधानाचार्य, दीवान पब्लिक स्कूल