मेरठ: शिव मंदिर में अचानक दूध पीने लगे नंदी बाबा, चमत्कार को देखने हजारों की संख्या में उमड़े भक्त
यूपी के मेरठ देहात क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर में अद्भुत चमत्कार को देखने के लिए रविवार सुबह से ही भक्तों को तांता लगा हुआ है। दरअसल यहां मंदिर में नंदी बाबा ने अचानक दूध पीना शुरू कर दिया। जिसके बाद हर कोई इस चमत्कार को देखने के लिए मंदिर की ओर दौड़ पड़ा।
जानकारी के अनुसार मुंडाली थानाक्षेत्र के सफियाबाद लौटी में स्थित शिव मंदिर में उस समय भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी जब मंदिर में स्थापित नंदी बाबा की मूर्ति ने अचानक दूध पीना शुरू कर दिया।
बताया गया कि रविवार को मंदिर में भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर जब नंदी बाबा की मूर्ति को चम्मच से दूध का भोग लगाया तो वह दूध पी गए। भक्तों ने फिर से ऐसा किया तो दोबारा भी चम्मच खाली हो गई।
मंदिर के पुजारी पंडित जुगल किशोर ने बताया कि मंदिर में हमने देखा कि कुछ लोग नंदी बाबा को दूध पिला रहे हैं। हमें बुलाया गया तो हमने भी नंदी बाबा को चम्मच से दूध पिलाया तो उन्होंने दूध पी लिया।
इसके बाद गिलास से भी नंदी बाबा की मूर्ति ने दूध पी लिया। मंदिर में इस चमत्कार को देखने के लिए लोग दूर दूर से उमड़ रहे हैं। महिलाएं बच्चे व बुजुर्ग मंदिर में नंदी बाबा के लिए दूध लेकर पहुंच रहे हैं।
वहीं मंदिर में नंदी बाबा के दूध पीने की सूचना आसपास भी फैल गई। इसके बाद मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भारी संख्या में लोग शिव मंदिर में हुए इस चमत्कार को देखने पहुंच रहे हैं। वहीं इस चमत्कार के वीडियो भी बनाकर लोग एक दूसरे को दिखा रहे हैं।