{"_id":"68129171b2d4e7a81304d57a","slug":"meeruts-inspector-and-head-constable-died-in-the-accident-female-constable-injured-meerut-news-c-72-1-mrt1062-132770-2025-05-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"हादसे में मेरठ के दरोगा व मुख्य आरक्षी की मौत, महिला सिपाही घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हादसे में मेरठ के दरोगा व मुख्य आरक्षी की मौत, महिला सिपाही घायल
विज्ञापन
विज्ञापन
सिपाही पत्नी और हेड कांस्टेबल साले के साथ जा रहे थे लखनऊ
- कार के आगे का हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त, महिला सिपाही को एम्स में कराया गया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली/मेरठ। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार तड़के टैंकर से एक कार टकरा गई। इससे कार सवार मेरठ के थाना लालकुर्ती की तोपखाना चौकी पर तैनात दरोगा प्रदीप कुमार (37) और रिश्ते में उनके साले मुख्य आरक्षी अभय (30) की मौत हो गई, जबकि दरोगा की सिपाही पत्नी रूपा (28) गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की खबर मेरठ पहुंची तो लालकुर्ती थाने का पूरा स्टाफ गमगीन हो गया। थाने में शोकसभा हुई।
आगरा जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के धोरा गांव निवासी दरोगा प्रदीप कुमार की तैनाती मेरठ, जबकि उनके साले मुख्य आरक्षी अभय की तैनाती सूचना विभाग गोमती नगर लखनऊ में थी। प्रदीप की पत्नी सिपाही रूपा की तैनाती गौतमबुद्वनगर जिले में है। मंगलवार की रात दरोगा अपनी पत्नी, साले के साथ कार से प्रयागराज से लखनऊ जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे जगतपुर थाना क्षेत्र के जिंगना गांव के पास लखनऊ से प्रयागराज जा रहे टैंकर से कार की टक्कर हो गई। जिला अस्पताल में दरोगा व उनके साले मुख्य आरक्षी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दरोगा की पत्नी रूपा को जिला अस्पताल से एम्स रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन बाबूगंज में छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वहीं से टैंकर को कब्जे में लिया। जगतपुर थाना प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि कार दरोगा की थी। कार मृतक दरोगा प्रदीप कुमार चला रहे थे। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
विज्ञापन
मुकदमे के सिलसिले में हाईकोर्ट गए थे बहनोई
हादसे की सूचना पर के बाद पूरा परिवार गमगीन हो गया। मौके पर पहुंचे उनके रिश्तेदार अजय सिंह के आंसू नहीं थम रहे थे। अजय सिंह वाराणसी में सिंचाई विभाग में एसडीओ के पद पर तैनात हैं। अजय के मुताबिक उनके बहनोई प्रदीप कुमार मुकदमे के सिलसिले में हाईकोर्ट प्रयागराज आए थे, जबकि उनकी बहन रूपा तीन दिन पहले सहेली की शादी में शामिल होने के लिए घर आई थी। भाई भी छुट्टी पर घर आए थे। बहनोई बहन और भाई के साथ घर से निकले थे। कहा था कि अभय को लखनऊ में छोड़ देंगे और फिर हम लोग अपने-अपने तैनाती स्थल पर चले जाएंगे। बहन रूपा की भी हालत गंभीर है।
विज्ञापन
व्यवहार कुशल थे दरोगा
लालकुर्ती थाना प्रभारी कविश मलिक ने बताया कि 2015 के बैच के दरोगा प्रदीप कुमार व्यवहार कुशल थे। वह काम में तेजतर्रार थे। वह विवेचनाओं का निस्तारण करने के साथ ही क्राइम कंट्रोल करने में अपनी पूरी पकड़ रखते थे। उनकी मौत के बाद लालकुर्ती थाने में शोकसभा भी हुई।
दरोगा की सड़क हादसे में मौत की खबर दुखद है। हम दरोगा की पत्नी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। इस दुख की घड़ी में मेरठ का पूरा पुलिस परिवार पीड़ित परिवार के साथ है। उनको सभी सरकारी सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
डा. विपिन ताडा, एसएसपी मेरठ।