Meerut Weather: बादल तो आए...पर बरसे नहीं! उमस से बेहाल मेरठ, आज बारिश की उम्मीद
मेरठ में सोमवार को बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। उमस और तापमान ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। एयर क्वालिटी फिलहाल सामान्य है।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। सोमवार को मेरठ और आसपास के इलाकों में बादल तो छाए, लेकिन एक बूंद भी पानी की नहीं बरसी। नतीजा बढ़ती उमस और गर्मी ने शहरवासियों को बेहाल कर दिया।
तापमान और उमस ने बढ़ाई परेशानी
दिनभर मौसम कभी धूप तो कभी बादल वाला बना रहा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में करीब 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे उमस अधिक महसूस हुई।
यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया में तनाव: धमाकों के बीच जागकर काटनी पड़ रही रातें, ईरान में फंसे मेरठ के सचिन की दर्दभरी आपबीती
आज हो सकती है बारिश, मौसम वैज्ञानिक ने जताई संभावना
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम शमीम के अनुसार, मंगलवार को 15 से 20 मिमी तक बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि अगले 2-3 दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। बारिश के बाद ही गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
AQI सामान्य स्तर पर
सोमवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी सामान्य दर्ज किया गया।
शहर का औसत AQI– 69
गंगानगर – 74
जयभीम नगर – 67
पल्लवपुरम – 66
दिल्ली रोड – 82
बेगमपुल – 79
इससे साफ है कि फिलहाल वायु गुणवत्ता संतोषजनक बनी हुई है।