Meerut: गंगानगर में चोरों ने 50 लाख के मोबाइल उड़ाए, सीओ सदर देहात ऑफिस के पास हुई वारदात
मेरठ में बुधवार को गंगानगर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां मोबाइल की दुकान से तकरीबन 50 लाख के मोबाइल चोरी कर फरार हो गए। हालांकि चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
विस्तार
मेरठ में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मवाना रोड सीओ सदर देहात ऑफिस के पास एक मोबाइल के शोरूम में चोरों ने दीवार तोड़कर करीब 50 लाख रुपए के कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिए। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची है।
मवाना रोड पर सीओ सदर देहात ऑफिस से 50 मीटर की दूरी पर जनलक्ष्मी मोबाइल के नाम से शोरूम है। रात 2:30 बजे दुकान के पीछे स्थित हंटर फ़ूड रेस्टोरेंट के बाथरूम की दीवार तोड़कर चोर अंदर घुसा। उसके बाद मोबाइल वाली दुकान की दीवार तोड़ी। वहां से दुकान में दाखिल हो गया। उसने तसल्लीपूर्वक एक-एक कीमती मोबाइल फोन व एसेसरीज बैग में रखे और फरार हो गया।
करीब 15 आईफोन सहित वनप्लस कंपनी आदि के महंगे मोबाइल चोरी
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर दुकान में मौजूद दिखाई दे रहा है, जिसने चेहरे पर कपड़ा बंधा हुआ है। चोर ने करीब 15 आईफोन, वीवो, सैमसंग कीमती फोन सहित अन्य कीमती एसेसरीज इत्मीनान से बैग में रखी। उसके बाद फरार हो गया।
दुकान या रेस्टोरेंट से है कोई जानकार
जानकारी के मुताबिक चोर ने पहले रेस्टोरेंट के बराबर में स्थित खाली प्लॉट से रेस्टोरेंट के बाथरूम की दीवार थोड़ी। उसके बाद अंदर घुसकर दुकान के पीछे वाली दीवार को तोड़ा। करीब आधे घंटे तक मोबाइल चोरी किया।
उसके बाद उसी रास्ते से रेस्टोरेंट में अंदर रखी सीढ़ी के सहारे ऊपर कुंबल तक पहुंचा और वापस प्लॉट में कूद कर फरार हो गया। पुलिस को अंदेशा है कि घटना में मोबाइल की दुकान पर काम करने वाला या फिर रेस्टोरेंट का कोई पूर्व कर्मचारी हो सकता है जो पूरी स्थिति से वाकिफ था।