Meerut: निजी विश्वविद्यालय के सफाई कर्मचारी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पारिवारिक कलह की आशंका
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र स्थित एक विश्वविद्यालय में कार्यरत 25 वर्षीय सफाई कर्मचारी का शव उसके आवास में फंदे से लटका मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
विस्तार
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बुधवार सुबह एक सफाई कर्मचारी का शव उसके आवास में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है।
विश्वविद्यालय परिसर के आवास में मिला शव
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल निवासी 25 वर्षीय बुधराम पुत्र भजनलाल सुभारती विश्वविद्यालय में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। वह विश्वविद्यालय परिसर में बने आवास में अपने परिवार के साथ रहता था।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ में दर्दनाक हादसा, दिल्ली के दो कांवड़ियों की मौत, तीसरा गंभीर; हाईवे पर कार ने मारी बाइक में टक्कर
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा
बताया गया कि मंगलवार रात भोजन करने के बाद बुधराम अपने कमरे में सोने चला गया था। बुधवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांकने पर वह कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पर जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पारिवारिक कलह की आशंका, जांच जारी
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।