फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Sports News: Teams of Meerut, Noida and Saharanpur reached badminton quarter finals, read sports news

Meerut Sports News: मेरठ, नोएडा और सहारनपुर की टीमें पहुंची बैडमिंटन क्वार्टर फाइनल में, पढ़ें खेल की खबरें

Mon, 14 Jul 2025 11:28 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: मोहम्मद मुस्तकीम Updated Mon, 14 Jul 2025 11:28 AM IST
सार

सीबीएसई बैडमिंटन प्रतियोगिता में रविवार को राधा गोविंद, नोएडा के ग्रैंड इंटरनेशनल स्कूल समेत कई स्कूलों की टीमों ने अपने मैच जीते। सोमवार को अगले राउंड के मुकाबले खेले जा रहे हैं।

विज्ञापन
Meerut Sports News: Teams of Meerut, Noida and Saharanpur reached badminton quarter finals, read sports news
बैडमिंटन मैच में खेलते प्लेयर्स। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राधा गोविंद पब्लिक स्कूल में चल रही सीबीएसई बैडमिंटन प्रतियोगिता में मेरठ, नोएडा, सहारनपुर समेत कई जिलों के स्कूलों ने प्री-क्वार्टर और क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में अपनी जगह पक्की कर ली है। आज सोमवार को प्रतियोगिता के अगले राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे। रविवार को मेरठ के राधा गोविंद, नोएडा के ग्रैंड इंटरनेशनल स्कूल समेत कई स्कूलों की टीम ने अपने मुकाबले जीते।
विज्ञापन

मैच से पूर्व प्रतियोगिता के तीसरे दिन केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के निदेशक जितेंद्र कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि हार या जीत से महत्वपूर्ण प्रतिभागिता होती है। रविवार को मुकाबलों में अंडर 14 वर्ग में 62 टीमों के बीच मैच हुए। इनमें राधा गोविंद पब्लिक स्कूल मेरठ, ग्रैंड इंटरनेशनल स्कूल ग्रेटर नोएडा, पाइनवुड स्कूल सहारनपुर की टीमों को बिना मैच खेले ही विजेता घोषित कर दिया गया। अंडर 19 वर्ग में 50 मुकाबले हुए। इसमें मेरठ और देहरादून की टीम को वॉकओवर दिया गया। अन्य टीम ने 2-0 के साथ प्रतिद्वंद्वी टीम पर बहुत आसानी के साथ जीत प्राप्त की। अंडर 17 वर्ग में देर रात तक मुकाबले जारी रहे। आयोजन सचिव सुशील ने बताया कि आज प्री क्वार्टर और क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 2000 से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था। 400 से अधिक विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। इस मौके पर प्रबंधक योगेश त्यागी, प्रधानाचार्या संगीता कश्यप आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

Meerut Sports News: Teams of Meerut, Noida and Saharanpur reached badminton quarter finals, read sports news
शॉट लेता खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

स्नूकर में मेरठ के कबीर ने लखनऊ के कंकन को हराया

अलेक्जेंडर एथलेटिक क्लब में चल रही नोर्थ इंडिया ओपन स्नूकर चैंपियनशिप में रविवार को खेले गए मुकाबले में मेरठ के कबीर ने लखनऊ के कंकन शम्सी को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। उन्होंने कई बार नंबर वन रह चुके कंकन शम्सी को रोमांचक मुकाबले में मात दी। करीब दो घंटे तक चले मैच में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मेरठ के शाहजेब ने भी जीत प्राप्त की।
रविवार को हुए मैच में पहला मुकाबला मेरठ के समीर सैफी और पूर्व यूपी नंबर वन खिलाड़ी अनुज भार्गव के बीच हुआ। समीर ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन वह मैच नहीं जीत सके। उन्हे अनुज भार्गव से 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। प्रतियोगिता बेस्ट ऑफ 7 से शुरू हुई। इसके बाद दूसरा मुकाबला मेरठ के कबीर और 6 साल यूपी के नंबर वन खिलाड़ी रहे लखनऊ निवासी 67 वर्षीय कंकन शम्सी के बीच हुआ। इस मैच में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया और सभी को अपनी जगह से नहीं उठने दिया।
कबीर ने भी एक से बढ़कर एक शॉट लगाए। आखिर में कबीर ने 4-3 के आधार पर मुकाबला अपने नाम किया। करीब दो घंटे तक दोनों खिलाड़ियों के बीच मैच चला। कंकन शम्सी 1983, 1988, 1995, 1999 समेत छह वर्ष तक यूपी के नंबर वन स्नूकर खिलाड़ी रहे। कई प्रतियोगिताएं उन्होंने अपने नाम की। इसके बाद तीसरा मुकाबला मेरठ के शाहजेब सैफी और पूर्व यूपी नंबर खिलाड़ी गाजियाबाद के जेशन मल्होत्रा के बीच हुआ। इसमें शाहजेब ने 4-3 से मैच जीता।
अलेक्जेंडर क्लब मेरठ के कोर्णाक और रामपुर के अनसब के बीच चौथा मुकाबला हुआ। देर रात तक दोनों खिलाड़ी 3-3 से बराबरी पर रहे। इससे पहले शनिवार देर रात में हुए मुकाबलों में हरियाणा के अनमोलदीप सिंह ने मोहम्मद अनस को 3-2 से हराया। उत्तराखंड के शैलेंद्र ने हमाद सैफी को 3-1 से हराया।
इस मौके पर क्लब के सचिव अमित संगल, उपाध्यक्ष विपिन अग्रवाल, संयुक्त सचिव गौरव अग्रवाल, आयोजन सचिव आनंद अरोड़ा, बिलियर्ड सचिव संजय शर्मा, अंशुल अग्रवाल, डॉ. वाईपी गर्ग, प्रदीप गोयल आदि मौजूद रहे। रविवार को क्षेत्र में सुबह के समय करीब दो घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण देरी से मैच शुरू हो सके। क्षेत्र में मरम्मत कार्यों के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन

Meerut Sports News: Teams of Meerut, Noida and Saharanpur reached badminton quarter finals, read sports news
फुटबॉल मैच खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

आईपीएस ने टैप्स को हराकर फुटबाल प्रतियोगिता जीती

खेल विभाग की ओर से रविवार को तोपखाना फुटबाल मैदान में एक दिवसीय जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में इंटर नेशनल पब्लिक स्कूल (आईपीएस) की टीम ने टैप्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
पहला मुकाबला एसडी सदर और जीनियस फुटबाल क्लब के बीच खेला गया। इसमें पहले हाफ तक दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया। आखिर तक दोनों टीम एक-एक की बराबरी पर रही। इसके बाद ट्राई ब्रेकर से मुकाबले का नतीजा निकला। इसमें जीनियस फुटबाल क्लब ने 4-2 से जीत प्राप्त की। दूसरा मुकाबला एमपीएस और स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम के बीच हुआ। इसमें एमपीएस ने 2-0 से जीत प्राप्त की। तीसरा मुकाबला टैप्स और स्पोर्ट्स स्टेडियम सीबीआई के बीच हुआ। इसमें टैप्स ने 3-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
चौथा मुकाबला इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस के बीच खेला गया। इसमें आईपीएस के आनंद की ओर से पहला गोल मारा गया। मैच के 14वें मिनट में आदित्य ने दूसरा गोल कर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद विवान ने गोल किया। आईपीएस ने 5-0 से मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल मुकाबला जीनियस फुटबाल क्लब और टैप्स के बीच हुआ। इस संघर्षपूर्ण मैच में टैप्स ने 2-0 से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल मैच इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल और एमपीएस वेदव्यासपुरी के बीच हुआ। इसमें इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ने 4-0 से मैच जीतकर फाइनल में जहगह बनाई। इसमें जसप्रीत और आदित्य ने गोल किए। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आईपीएस और टैप्स के बीच हुआ। टैप्स की ओर से आरव ने पहला गोल किया। इसकेे बाद आईपीएस की ओर से जसप्रीत ने गोल कर टीम को बराबरी दिलाई। इसके बाद जसप्रीत ने एक गोल और दागा और टीम को 2-1 से फाइनल जिताया। इस मौके पर जिला फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव सिंह, जिला उपाध्यक्ष ऋचा, अनीता चौधरी, जिला सचिव ललित पंत आदि ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
 
विज्ञापन

मेरठ स्ट्राइकर्स ने दीपक क्लब को चार रन से हराया

मवाना रोड स्थित जेएसएम क्रिकेट एकेडमी में रविवार को सरदार लाभ सिंह भिंडर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में लीग मैच खेला गया। इसमें मेरठ स्ट्राइकर्स की टीम ने दीपक क्लब को चार रन से हराया। मेरठ स्ट्राइकर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में सात विकेट खोकर 241 रन बनाए। इसमें अनिल राणा ने 64, अजय ने 63 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में नितिन और अभि ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दीपक मेमोरियल क्रिकेट क्लब की टीम 25 ओवर में 7 विकेट खोकर 237 रन ही बना सकी। इसमें वरुण ने 76 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में कपिल ने दो विकेट लिए। मेरठ स्ट्राइकर्स की टीम ने चार रन से जीत प्राप्त की। मैन ऑफ द मैच अनिल राणा को चुना गया। इस मौके पर आयोजक रोहित सिंह भिंडर ने विजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। 
 

जीटीबी और हॉस्टल क्रिकेट क्लब सेमीफाइनल में पहुंचे

क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को तीन मैच खेले गए। इसमें ऋषभ क्रिकेट एकेडमी, ऋषभ पब्लिक स्कूल और हॉस्टल क्रिकेट क्लब ने मैच जीते। प्रतियोगिता में जीटीबी के बाद हॉस्टल की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। सोमवार को दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।
रविवार को खेले गए पहले मैच में एलाइट क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 119 रन बनाए। इसमें आशीष ने 24 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अनमोल ने 5, दिव्य ने तीन व मनन को दो विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ पब्लिक स्कूल की टीम ने 15.2 ओवर में 120 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से अजय ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में राघव और पार्थ ने दो-दो विकेट लिए।
दूसरे मैच में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट खोकर 20 ओवर में 170 रन बनाए। इसमें अरनव ने 40, उत्तम ने 28 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में एवेंजर्स क्रिकेट क्लब की ओर से लव ने दो, कर्तव्य ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवेंजर्स की टीम 17.1 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई। इसमें कैफ ने 39, काविश ने 23 रन बनाए। गेंदबाजी में सुभान ने 4 विकेट लिए। ऋषभ की टीम ने 70 रन से जीत प्राप्त की।
तीसरे मैच में जीटीबी की टीम ने 9.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 37 रन बनाए। गेंदबाजी में हॉस्टल क्रिकेट क्लब की ओर से शिवांग ने पांच विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हॉस्टल की टीम ने 7.1 ओवर में बिना विकेट खोए लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इस मौके पर उप क्रीड़ा अधिकारी अब्दुल अहद ने बताया कि सोमवार को प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच जीटीबी व हॉस्टल क्लब की टीम के बीच खेला जाएगा।
 

नेशनल खो-खो में भाग लेगी केंद्रीय विद्यालय मेरठ की टीम

जालंधर के लवली विश्वविद्यालय में 15 से 19 जुलाई तक नेशनल केवीएस खो-खो प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें मेरठ के केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस की टीम भी प्रतिभाग करेगी। विद्यालय की टीम ने रीजनल खो-खो में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया था। इसमें शामिल होने वाली टीम में सृष्टि, लवली सिंह, दृष्टि, चाहत त्रिपाठी, कनिका, वैष्णवी, मानवी लोधी, मानवी, आन्या, दर्शिका, सोनाक्षी एवं नंदिनी शामिल हैं। टीम के चुने जाने पर प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा, खेल शिक्षक प्रदीप कुमार, रानी माला सहित अन्य ने शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर खो-खो संघ के सचिव अशोक त्रिपाठी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। 
 

फुरी इलेवन ने रिसरक्टेड इलेवन को 19 रन से हराया

विद्या नॉलेज पार्क के क्रिकेट मैदान में रविवार को रिसरक्टेड इलेवन और फुरी इलेवन के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें फुरी इलेवन ने 19 रन से मैच जीता। रिसरक्टेड इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी फुरी इलेवन की टीम ने 25 ओवर में छह विकेट खोकर 171 रन बनाए। इसमें लक्की ने 61, गौरव ने 32 और साहेब ने 20 रन का योगदान दिया। वहीं, आर्यन ने दो और हरेंद्र, नवीन, शाहिद ने एक-एक विकेट लिया। अभिषेक और राहुल राय ने शानदार कैच भी पकड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रिसरक्टेड इलेवन की टीम 152 रन पर सिमट गई। इसमें सुनील ने 53, हरेंद्र ने 37, आर्यन ने 14 रन का योगदान दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर आफ द मैच लक्की और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज विश्वास को चुना गया। 


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed