{"_id":"6885c1291f2ff5653e054926","slug":"meerut-sports-news-brilliant-batting-match-won-by-a-margin-of-more-runs-than-the-entire-team-could-score-2025-07-27","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Meerut Sports News: ताबड़ताड़ बैटिंग, जितने रन पूरी टीम नहीं बना पाती, उतने रनों के मार्जन से जीता मैच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Meerut Sports News: ताबड़ताड़ बैटिंग, जितने रन पूरी टीम नहीं बना पाती, उतने रनों के मार्जन से जीता मैच
Sun, 27 Jul 2025 11:46 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
Published by: मोहम्मद मुस्तकीम
Updated Sun, 27 Jul 2025 11:46 AM IST
सार
पंचवटी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने विद्या एकेडमी को 290 रनों से मैच हरा दिया। सक्षम नैन ने 24 चौके और पांच छक्कों के साथ 175 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विस्तार
घाट रोड स्थित पंचवटी क्रिकेट एकेडमी में अंडर-16 का मैच खेला गया। यह मैच विद्या क्रिकेट एकेडमी एवं पंचवटी क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। पंचवटी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में तीन विकेट खोकर विद्या एकेडमी को 365 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। इसमें सक्षम नैन ने 89 बॉल पर 24 चौके पांच छक्कों के साथ 175 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। गर्व ठाकुर ने 67 व हर्ष राणा ने नॉट आउट 51 रन बनाए। विद्या एकेडमी के गेंदबाज मानवी, देव सैनी, आकाश कुमार ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्या एकेडमी की टीम 19.3 ओवरों में मात्र 74 रनों पर सिमट गई। सुधीर कुमार देव सैनी ने 15-15 रन बनाए। पंचवटी के गेंदबाज आर्यन चपराना ने चार, नव्या चपराना 3 व शुभ गुर्जर ने दो विकेट लिए। पंचवटी एकेडमी ने 290 रनों से मैच को जीता। कोच उमेश कुमार ने सक्षम नैन को सम्मानित किया।
विज्ञापन
एक अगस्त से होगा शूटिंग का संग्राम, दो राज्यों के 1200 खिलाड़ी आएंगे
शहर में एक अगस्त से 1200 खिलाड़ी शूटिंग के संग्राम में प्रतिभाग करेंगे। उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के 55 शहरों के 250 स्कूलों के खिलाड़ी सीबीएसई नॉर्थ जोन-एक की शूटिंग प्रतियोगिता में शिरकत करेंगे।यह प्रतियोगिता मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में होगी। वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, प्रधानाचार्य रूपाली एवं उप प्रधानाचार्य एकता सक्सेना ने बताया कि देहरादून रीजन के तहत उत्तराखंड के 11 जिलों एवं नोएडा रीजन के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों से खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए आएंगे। खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर -19 वर्ग में छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। यह आयोजन एक से चार अगस्त तक होगा।
इन शहरों के खिलाड़ी होंगे शामिल
देहरादून रीजन उत्तराखंड से हरिद्वार, हल्द्वानी, नैनीताल, देहरादून, रुद्रपुर, खटीमा, रुड़की के अलावा नोएडा रीजन से बुलंदशहर, बरेली, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, आगरा, संभल, नोएडा, एटा, गाजियाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अमरोहा, मेरठ, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, बागपत, सहारनपुर, हापुड़ सहित अन्य शहरों के खिलाड़ी शामिल होंगे।
आयोजन सचिव विजित चौधरी ने बताया कि 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल कैटेगरी में तीन आयु वर्ग (अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19) में मुकाबले होंगे। स्कूलों के लिए नामांकन प्रक्रिया 31 जुलाई से आरंभ होगी। हर रोज लगभग 300 प्रतिभागी भाग लेंगे। इसके लिए स्कूल में दो शूटिंग रेंज में 30 टारगेट लगाए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
एक्सीज हीरोज ने सुपर स्मैशर को हराया
किला रोड स्थित गेम सिटी एरीना स्टेडियम के ग्राउंड पर गट्स एंड ग्लोरी कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग में शनिवार को एक्सीज हीरोज और सुपर स्मैशर के बीच मैच खेला गया। इसमे एक्सीज हीरो ने रोहित के नाबाद शतक की मदद से नौ विकेट से यह मैच जीता।टॉस जीतकर सुपर स्मैशर के कप्तान सौरव ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 172 रन बनाए। अभिषेक ने 56 रन और सुमित ने 28 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में हीरोज की ओर से विवेक ने 2 और अनुराग ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हीरोज की टीम ने 16.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए।
टीम की ओर से रोहित ने नाबाद 102 रन और अंकुर ने 51 रन की पारी खेली। सुपर स्मैशर की ओर से प्रवीण ने 39 रन देकर एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच रोहित को चुना गया। इस मौके पर गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
बॉक्सिंग में अभय ने फाइनल में प्रवेश किया
राज्यस्तरीय सब-जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता मथुरा में हो रही है। शनिवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। मुकाबले में रोम्बस वर्ल्ड स्कूल के कक्षा आठ के छात्र अभय मलिक ने मेरठ मंडल की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए आगरा के अंश पाठक को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर स्कूल के प्रधानाचार्य अमित कोहली, चेयरमैन रोहित चौधरी, शारीरिक शिक्षक अनिरुद्ध तोमर, बॉक्सिंग कोच प्रवीन कुमार ने सहित अन्य ने शुभकामनाएं दीं।फुटबाल प्रतियोगिता में यूपी की जीत से शुरूआत
मध्य प्रदेश के बालाघाट में चल रही जूनियर बालक नेशनल फुटबाल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रथम मैच में त्रिपुरा की टीम को 5-1 से हराकर जीत से शुरुआत की। इसमें मेरठ के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम में मेरठ में रहकर ही टूर्नामेंट की तैयारी की थी।मैच के आठवें मिनट में टीम के कप्तान सलमान खान ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 15वें मिनट में एक बार फिर सलमान ने 30 यार्ड से शानदार गोल कर अपनी टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसी क्रम में 34वें मिनट में पंकज कुमार ने गोल कर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। मैच के 41वे मिनट में त्रिपुरा ने कॉर्नर से गोलकर मैच को 3-1 पर ला दिया। प्रथम हाफ तक यही स्कोर था। मैच के द्वितीय हाफ में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने लगातार आक्रमण जारी रखा। 59वे मिनट में पंकज कुमार एवं मैच के 70वे मिनट में भाविन जोशी ने गोल कर उत्तर प्रदेश की जीत में अहम भूमिका निभाई। टीम का अगला मैच 28 जुलाई को खेला जाएगा।