Meerut Sports: राज्यस्तरीय बॉक्सिंग में डैनी ने जीता स्वर्ण पदक, DK इलेवन ने पंचवटी को पांच विकेट से हराया
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय अंडर 19 यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया।
विस्तार
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय अंडर 19 यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। इसमें मेरठ के बॉक्सरों ने चार पदक जीते। मेरठ के डैनी ने 60-65 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक व दीपांशु, दीपक और कार्तिक ने अपने अपने वर्ग में कांस्य पदक जीता।
प्रतियोगिता में पहला फाइनल मैच 47-50 किलोग्राम वर्ग में खेला गया, जिसमें आगरा के लक्ष्य ने झांसी के अनस को हराकर स्वर्ण पदक जीता। अनस को रजत पदक प्राप्त हुआ। वहीं वाराणसी के राज ने कांस्य पदक जीता। दूसरा मुकाबला 50-55 किलोग्राम वर्ग में हुआ, जिसमें प्रयागराज के बुद्धराज ने कानपुर के रवि को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
उन्होंने 5-0 से जीत प्राप्त की। रवि ने रजत व मेरठ के दीपांशु ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 55-60 किलोग्राम वर्ग में शाहजहांपुर के आर्यन ने स्वर्ण, बरेली के संदेश ने रजत और मेरठ के दीपक ने कांस्य पदक जीता। 60-65 किलोग्राम वर्ग में मेरठ के डैनी ने वाराणसी के शौर्य को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। शौर्य ने रजत पदक जीता।
शाहजहांपुर के उज्जवल और कानपुर के सुमित ने कांस्य पदक जीता। 65-70 किलोग्राम वर्ग में प्रवीण ने स्वर्ण पदक जीता। 70-75 किलोग्राम वर्ग में आगरा के सूर्यांश ने स्वर्ण पदक जीता। 75-80 किलोग्राम वर्ग में अभिनव शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। 80-85 किलोग्राम वर्ग में बुलंदशहर के कार्तिक ने इटावा के वेदांत को 5-0 से हराकर स्वर्ण जीता। वेदांत को रजत पदक प्राप्त हुआ।
85-90 किलोग्राम वर्ग में हर्ष सिंह ने स्वर्ण पदक, विवेक ने रजत और मुजफ्फरनगर के जयंत ने कांस्य पदक जीता। 90 प्लस में गोरखपुर के ऋषि ने स्वर्ण, गौतमबुद्धनगर के प्रिंस ने रजत और वाराणसी के अर्पित व मेरठ के कार्तिक ने कांस्य पदक जीता। इस मौके पर उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ के महासचिव प्रमोद कुमार, रोहित पांडे, सचिव विशेष तोमर, नमन आदि मौजूद रहे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने सभी का आभार व्यवक्त किया। निर्णायकों की टीम में रोबिन सिंह और उनकी तकनीकी टीम मौजूद रही।
डीके इलेवन ने पंचवटी को पांच विकेट से हराया
घाट रोड स्थित पंचवटी क्रिकेट मैदान में खेली जा रही एसडीके ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को पंचवटी और डीके इलेवन के बीच मैच हुआ। इसमें डीके इलेवन ने पांच विकेट से जीत प्राप्त की। पंचवटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 165 रन बनाए।
टीम की ओर से आदित्य कुमार ने 53 व अमित सिंह ने 32 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में डीके इलेवन की ओर से वंश शर्मा ने तीन, अर्जुन सिंह और पीयूष देशवाल ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीके इलेवन की टीम ने 15.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 167 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से पीयूष देशवाल ने 35 गेंद में 75 रन की पारी खेली। अभिमन्यु ने भी 28 रन का योगदान दिया। पंचवटी की ओर से गेंदबाज सुशांत राणा ने दो, अखिल, यश व उमेश कुमार ने एक-एक विकेट लिया। डीके इलेवन ने 5 विकेट से मैच जीता। मैन ऑफ द मैच पीयूष देशवाल को अमित सिंह व कोच उमेश कुमार ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 अप्रैल तक लखनऊ में किया जाएगा। इसके लिए जिला कराटे एसोसिएशन की ओर से सोमवार को मंगल पांडे नगर कम्युनिटी हॉल में चयन प्रतियोगिता कराई गई। इसमें प्रदर्शन के आधार पर 50 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इस मौके पर सब जूनियर, कैडेट और जूनियर कराटे के मुकाबले कराए गए। चयन प्रतियोगिता में 70 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर शिहान, नरेंद्र सिंह, अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर, सूरजमल, सिराज अहमद, वसीम अहमद आदि मौजूद रहे।
पंचवटी और डीएमए के बीच होगा अचीवर कप का फाइनल मैच
श्रीनाथ क्रिकेट एकेडमी में चल रहे अचीवर कप में सोमवार को सेमीफाइनल मैच पंचवटी और युवा क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया।
सोमवार को हुए मैच में युवा क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 28 ओवर में 10 विकेट खोकर 152 रन बनाए। टीम की ओर से मोक्ष राणा ने 50, प्रतीक चौधरी ने 29 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में आर्यन व नव्या ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचवटी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 18.5 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया।
टीम की ओर से उमंग यादव ने 9 चौके व 10 छक्कों की मदद से शतकीय पारी खेली। टीम ने लक्ष्य को 18.5 ओवर में प्राप्त कर 9 विकेट से जीत प्राप्त की। मैन ऑफ द मैच उमंग यादव व फाइटर ऑफ द मैच मोक्ष को क्रिकेट कोच उमेश व सोनू ने सम्मानित किया गया।
हरदोई हॉकी लीग में मेरठ की 30 महिला खिलाड़ियों का चयन
हरदोई प्रीमियर हॉकी लीग का आयोजन 17 अप्रैल से हरदोई में किया जा रहा है। इस जूनियर महिला प्रीमियर लीग में मेरठ की 30 महिला हॉकी खिलाड़ियों का चयन किया गया है। लीग में 10 हॉकी टीमें भाग ले रही हैं। सभी टीमों में मेरठ की खिलाड़ी शामिल हैं। हॉकी लीग के लिए 30 मार्च को ट्रायल लिया गया था।
अब चयनित महिला हॉकी खिलाड़ियों में शिवानी, अंशु, मोनिका, वंशिका सहित अन्य शामिल हैं। इनके चयन पर मेरठ हॉकी संघ के अध्यक्ष विवेक कोहली, प्रबंधन सचिव राजेंद्र शर्मा, सदस्य अमित शर्मा, प्राचार्य मनोज अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनीत त्यागी, क्रीड़ा सचिव संजय दलाल, रजनीश कौशल, हॉकी कोच प्रदीप चिन्योटी आदि ने बधाई दी।
किक बॉक्सिंग के कांस्य पदक विजेता को सम्मानित किया
थाईलैंड में आयोजित किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी को फलावदा नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार सैनी ने शील्ड व पटका पहनाकर सम्मानित किया।
बैंकॉक में आयोजित थाईलैंड वर्ल्ड कप किक बाक्सिंग प्रतियोगिता में फलावदा के खिलाड़ी आदित्य मकोरवाल पुत्र सतीश कुमार ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। छात्र की इस उपलब्धि पर चेयरमैन अशोक कुमार सैनी ने आदित्य का फूलमाला व पटका पहनाकर एवं बाबा भीमराव आंबेडकर का चित्र भेंटकर सम्मानित किया।