Meerut: होर्डिंग में जिलाध्यक्ष का फोटो न होने पर सपाई भिड़े, वीडियो वायरल
हॉर्डिंग में जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी का फोटो न होने पर सपा समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर कहाुसनी हुई। इसकी एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
विस्तार
मेरठ जेल रोड स्थित सपा कार्यालय पर लगाए गए एक हॉर्डिंग में जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी का फोटो न होने पर शनिवार को सपाइयों में खूब कहासुनी हुई। इनका 8 मिनट 42 सेकंड का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें जिलाध्क्ष की मौजूदगी में सपाई आपस में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते नजर आ रहे हैं। इस मामले से जिलाध्यक्ष ने पार्टी हाईकमान को भी अवगत करा दिया है।
पार्टी कार्यालय पर सपा की पीडीए यात्रा को लेकर बैठक चल रही थी। इस दौरान वहां कार्यालय प्रभारी निरंजन सिंह, बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष अजय सागर, एससी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जय कुमार नारंग आदि थे। वहां जिला उपाध्यक्ष रियाज अहमद और जिला महासचिव मनोज चपराणा आए और पार्टी कार्यालय पर होर्डिंग लगाने लगे, लेकिन उन्हें होर्डिंग नहीं लगाने दिया गया, क्योंकि उस पर सपा जिलाध्यक्ष का फोटो नहीं था।
आपस में कहासुनी होने लगी तो जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी को भी वहां बुला लिया गया। जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने उनसे कहा कि अगर पार्टी कार्यालय पर कोई होर्डिंग लगाएंगे तो उसमें जिलाध्यक्ष का फोटो होना चाहिए, यह पार्टी प्रोटोकॉल है।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पर भी कहासुनी होती है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि जिला महासचिव और जिला उपाध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय पर अभद्र व्यवहार किया है। इसकी सूचना सपा हाईकमान को दे दी गई है।
वहीं, इस संबंध में मनोज चपराणा का कहना है कि उन्होंने पहले पार्टी कार्यालय पर होर्डिंग लगवाया था, जिसे फड़वा दिया गया था। इसलिए वे दूसरा होर्डिंग लगाने गए थे। उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की, बल्कि उनके साथ ही अभद्र व्यवहार किया गया।