निकाय चुनाव: सपा को मेरठ में मिला नया जिलाध्यक्ष, पुराने खिलाड़ी पर खेला दांव, पहले ये गलती पड़ी थी भारी
समाजवादी पार्टी द्वारा मेरठ के जिलाध्यक्ष बनाए गए जयवीर सिंह साल 2013 से 2017 तक जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन और दो बार डायरेक्टर भी रहे हैं। हालांकि उनकी जिलाध्यक्ष बनने की राह में चुनौतियां बहुत हैं।
विस्तार
सपा को मेरठ में शुक्रवार को नया जिला अध्यक्ष मिल गया। जयवीर सिंह को दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह जुलाई 2008 से अप्रैल 2017 तक इस पद पर रहे थे। पिछले करीब 9 माह से यहां कोई जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष नहीं था। अब सपा की जिला कार्यकारिणी का जल्द गठन हो सकता है। हालांकि महानगर अध्यक्ष की घोषणा अभी नहीं हुई है।
जयवीर सिंह साल 2013 से 2017 तक जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन और दो बार डायरेक्टर भी रहे हैं। वह सैनी गांव के प्रधान भी रहे हैं। इनसे पहले राजपाल सिंह सपा के जिलाध्यक्ष थे। महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी थे। जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह के अलावा ओमपाल गुर्जर, जितेंद्र गुर्जर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान समेत कई नाम चल रहे थे।
ओमपाल गुर्जर पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर के करीबी माने जाते हैं। राजपाल सिंह, अखिलेश के करीबी पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के नजदीकी हैं, मगर इस बार बाजी जयवीर सिंह के हाथ लगी। पिछले साल जून में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश की सभी जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया था।
सभी को साथ लेकर चलेंगे, निकाय चुनाव जीतेंगे: जयवीर सिंह
सपा के नए जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह का कहना है कि वह सभी सपाइयों को साथ लेकर चलेंगे। उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। निकाय चुनाव में जीत हासिल करेंगे।
गणवेश पहनना पड़ा था भारी
पिछली बार भी जयवीर सिंह के जिलाध्यक्ष बनने की चर्चा थी, मगर 25 फरवरी 2018 को राष्ट्रोदय कार्यक्रम में उन्हें गणवेश पहनना भारी पड़ गया था। पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद वह जिलाध्यक्ष पड़ की दौड़ से बाहर हो गए थे। हालांकि अगस्त 2018 में उनका निष्कासन खत्म हो गया था।
आसान नहीं जिलाध्यक्ष की राह
जिलाध्यक्ष की राह मेरठ में आसान नहीं है। चुनौतियां बहुत हैं। न केवल विपक्ष की भूमिका का मेरठ में सही तरह से निर्वहन करना होगा बल्कि पार्टी के सभी धड़ों को एकसूत्र में बांधना होगा। यह इतना आसान नहीं है क्योंकि मुख्य रूप से तीन धड़ों के इर्द गिर्द घूमने वाली सपाई राजनीति में बाकी दो धड़े भी अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: सैकड़ों घर-दुकानें तोड़ने की तैयारी,व्यापारियों में खलबली, अप्रैल में सबसे गर्म रहा शुक्रवार
महानगर अध्यक्ष के लिए भी होगी खींचतान
इसी तरह महानगर अध्यक्ष पद की दौड़ में निवर्तमान महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी के अलावा जानू चौधरी, इसरार सैफी, गुलशेर राणा, बदर अली और शकील भारती आदि हैं। सपा के दिग्गज माने जाने वाले नेता भी अपने-अपने करीबी को महानगर अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। महानगर अध्यक्ष की घोषणा होनी बाकी है।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर सपाइयों ने दी बधाई
जिलाध्य्क्ष बनाए जाने पर सपा कार्यकर्ताओं ने जयवीर सिंह को बधाई दी है। बधाई देने वालों में विधायक अतुल प्रधान,राष्ट्रीय सचिव आकिल मुर्तज़ा,प्रभुदयाल बाल्मीकी, विधायक रफ़ीक अंसारी,बाबर चौहान खरदौनी, धर्मेंद्र मलिक,कैफ़ मुखिया, रविंद्र प्रेमी, निरंजन सिंह,नेहा गौड मूनित शर्मा,मर्दुला यादव, रविंद्र प्रेमी, मोहम्मद अब्बास, अजय अधाना और महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी आदि रहे।