मेरठ: युवती ने फोन कर प्रेमी को बुलाया, भाइयों ने मारी गोली; शास्त्रीनगर में तीन राउंड फायरिंग
मेरठ के शास्त्रीनगर सेक्टर-4 में प्रेम प्रसंग के विवाद में अली अहमद पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार युवती ने बातचीत के लिए बुलाया था, जिसके बाद तीन आरोपियों ने गोली मार दी।
विस्तार
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-4 में बृहस्पतिवार दोपहर प्रेम प्रसंग के विवाद में कारोबारी के बेटे अली अहमद उर्फ अली पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के अनुसार अली का जैदी फार्म निवासी हिस्ट्रीशीटर जमाल की बहन रूबी से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि फोन पर हुई कहासुनी के दौरान रूबी ने अली को धमकी दी थी। बृहस्पतिवार को रूबी ने फोन कर अली को सेक्टर-4 चौराहे के पास बातचीत के लिए बुलाया। पुलिस के अनुसार, बातचीत के बाद जब अली लौटने लगा तो जमाल ने अपने भाई उवैस और साथी शाहरून के साथ उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी। अली को तीन गोलियां लगीं।
गंगानगर के सलारपुर गांव निवासी केबल कारोबारी शबाब आलम ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से जैदी फार्म के रहने वाले हैं। उनका बेटा अली कपड़ों का काम करता है।
शबाब आलम के अनुसार, करीब तीन साल पहले अमान की हत्या के मामले में अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। करीब एक वर्ष पहले वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
जमानत के बाद मुंबई में रहने लगा था जमाल का परिवार
पुलिस के अनुसार, अली का जैदी फार्म निवासी हिस्ट्रीशीटर जमाल की बहन रूबी से प्रेम प्रसंग था। अली के जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद जमाल का पूरा परिवार मुंबई में रहने लगा था। इस दौरान अली और रूबी के बीच बातचीत कम हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, अली को शक था कि रूबी का किसी दूसरे युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि रूबी ने अली को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
पुलिस के अनुसार, दो-तीन दिन पहले ही जमाल और रूबी मुंबई से मेरठ आए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को रूबी ने फोन कर अली को शास्त्रीनगर सेक्टर-4 चौराहे के पास बुलाया।
बातचीत के बाद लौटते समय घेरा
अली स्कूटी से शास्त्रीनगर सेक्टर-4 चौराहे के पास पहुंचा। पुलिस के अनुसार, वहां रूबी से बातचीत करने के बाद अली स्कूटी मोड़कर लौटने लगा। इसी दौरान जमाल ने अपने भाई उवैस और साथी शाहरून के साथ उसे घेर लिया।
आरोप है कि तीनों ने पिस्टल से अली पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अली को तीन गोलियां लगीं। दो गोली कूल्हे और एक गोली कमर में लगी। गोली लगने के बाद अली स्कूटी समेत लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया।
पुलिस ने निजी अस्पताल में कराया भर्ती
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के समय रूबी भी मौके पर मौजूद थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अली को गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
फुटेज में तीन आरोपी फायरिंग करते दिखे
पुलिस के अनुसार, घटना की फुटेज में तीन आरोपी फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। रूबी भी फुटेज में दिखाई दे रही है। शबाब आलम की तहरीर पर पुलिस ने रूबी समेत चारों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मार्च में अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा गया था जमाल
पुलिस के अनुसार, मार्च में हिस्ट्रीशीटर जमाल को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में उसकी मां और दोनों बहनों ने थाने में घुसकर पुलिस पर हमला करते हुए जमाल को छुड़ाने का प्रयास किया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया था।
चार टीमें तलाश में जुटीं
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर भी दबिश दी जा रही है। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।