UP: एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में मेरठ के चिराग को स्वर्ण, मनदीप ने झटका रजत पदक
दिल्ली में चल रही एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में मेरठ के चिराग शर्मा ने टीम इवेंट में स्वर्ण पदक और मनदीप ने 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
विस्तार
मेरठ के कलीना निवासी सौरभ चौधरी के बाद अब शूटिंग के मैदान में मेरठ का एक और नाम चमकने लगा है। एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में कलीना निवासी चिराग शर्मा ने टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले को गौरवान्वित किया। वहीं मेरठ के ही मनदीप ने 10 मीटर एयर पिस्टल एकल प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया।
दिल्ली में हो रही है चैंपियनशिप
एशियन शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 2 फरवरी से दिल्ली स्थित डॉ. करनी सिंह शूटिंग रेंज में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के क्वालिफिकेशन राउंड में चिराग शर्मा ने 600 में से 581 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया और फाइनल में टीम इवेंट के जरिए स्वर्ण पदक जीत लिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: शादी में चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग, छत पर खड़ी युवती की गर्दन को चीरती हुई निकली गोली, हालत गंभीर
किसान परिवार से निकलकर बना शूटिंग स्टार
चिराग शर्मा ने वर्ष 2019 में शूटिंग की शुरुआत की थी। उन्होंने रोहटा रोड स्थित मेरठ शूटिंग रेंज में कोच अभिनव चौहान से प्रशिक्षण लिया। चिराग के पिता किसान हैं और गन्ने की खेती करते हैं। सौरभ चौधरी से प्रेरित होकर चिराग ने शूटिंग को अपना लक्ष्य बनाया।
वह जूनियर वर्ल्ड कप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और कई जूनियर नेशनल प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। हाल ही में हुए ट्रायल्स में भी उन्होंने देशभर में जूनियर वर्ग में पहली रैंक हासिल की थी।
मनदीप ने भी बढ़ाया मेरठ का मान
मेरठ शूटिंग रेंज में अभ्यास करने वाले मनदीप ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में 576 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक जीता।
कोच अभिनव चौहान ने दी बधाई
दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर कोच अभिनव चौहान ने उन्हें बधाई दी और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। खिलाड़ियों के गांव और परिवारों में खुशी का माहौल है।