Meerut: नाले में उतरा रोबोट, इंसान की तरह सफाई करके लौटा, देखने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़
मेरठ में सीवर की सफाई के लिए अब कर्मचारियों को सीवर लाइन में नहीं उतरना पड़ेगा। नगर निगम के दो रोबोट सीवर की सफाई में जुट गए हैं। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। मंगलवार और बुधवार को रोबोट ने किसी इंसान की तरह ही नालों की सफाई की।
विस्तार
मेरठ में अब नाले की सफाई रोबोट करेंगे। मंगलवार को जहां दिल्ली रोड स्थित केसरगंज में नाले और सीवर की सफाई के लिए रोबोट उतरा तो बुधवार दोपहर शहर के केसरगंज इलाके में रोबोट ने नाले की सफाई की। करीब 30 मिनट इंजीनियरों ने रोबोट से तीन नालों से गंदगी बाहर निकलवाई। 50 लाख रुपये की कीमत के नगर निगम द्वारा खरीदे गए 2 रोबोट बारह मीटर की गहराई तक जाकर गंदगी बाहर निकाल सकते हैं।
मंगलवार को नगर निगम के जलकल विभाग की टीम दोनों रोबोट को लेकर पहले सूरजकुंड पहुंची। दोपहर 2:00 बजे गाड़ी से उतरते ही रोबोट को देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। इससे जाम लग गया और निगम की टीम रोबोट को नालों में नहीं उतार सकी। इसके बाद आज केसरगंज पुलिस चौकी के पास पहुंचकर दोनों रोबोट से तीन नालों की सफाई करवाई।
रोबोट ने नाले की गंदगी बाहर निकालना शुरू किया तो यहां भी लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान दिल्ली रोड पर जाम भी लग गया। केसरगंज चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी और ट्रैफिक पुलिस को यातायात सुचारु करने में लगना पड़ा। लोगों ने रोबोट की वीडियो बनाई।
जलकल विभाग के सहायक अभियंता सुशील कुमार ने बताया है कि रोबोट से सफाई कार्यक्रम सफल रहा। जलकल विभाग के अवर अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि एक महीने पहले निगम ने दोनों रोबोट खरीदे थे। आज दोनों रोबोट को नालों में उतारकर सफाई करनी शुरू कर दी।
रोबोट में चार कैमरे पानी के अंदर करेंगे काम
नगर निगम और कंपनी के बीच एक साल का अनुबंध है, जिसमें कंपनी ही रोबोट का मेंटीनेंस करेगी। कंपनी के एरिया मैनेजर अनुभव मिश्रा ने बताया कि रोबोट में चार कैमरे लगे है, जोकि पानी के अंदर भी काम करेंगे। स्क्रीन में देखा जाएगा कि रोबोट नाले में क्या कर रहा है। कहां पर गंदगी है और उसे कैसे उठाया जाए, रिमोट से रोबोट चलेगा। रोबोट गंदगी उठाकर लाने में सक्षम है। 12 मीटर की गहराई से गंदगी को उठाकर रोबोट लाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.