प्रसपा नेता की हत्या का मामला: मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार, पत्नी के बोलने पर कमेंट की वजह से किया कत्ल
मृतक के भाई चंद्रकिरण ने पूर्व में चचेरे भाई मोनू के साथ हुई कहासुनी व थप्पड़ मार देने के विवाद में हत्या का कारण बताया। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शोभापुर गांव में प्रसपा नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस चारों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है। आरोपी ने पत्नी के बोलने पर कमेंट करने को लेकर प्रसपा नेता की हत्या करने की बात स्वीकार की।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित शोभापुर गांव निवासी सुधीर उर्फ सिद्धू पुत्र प्यारेलाल की चचेरे भाई कमलदीप ने अपने ससुर सतीश, सास शीला, पत्नी ज्योति के साथ मिलकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। सुधीर प्रसपा यूथ ब्रिगेड में जिला महासचिव के पद पर था। हत्या के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। हत्या के बाद भी मुख्य आरोपी कमलदीप ने चचेरे भाई सोनू के मोबाइल पर फोन कर सुधीर मरा या नहीं इसको लेकर जानकारी ली थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ससुर सतीश को पकड़ लिया था। पुलिस ने 24 घंटे में मुख्य आरोपी कमल दीप को दबिश देकर पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की पत्नी ज्योति व सास शीला को भी पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि कमलदीप की पत्नी भी अधिक बोलती थी। जिस कारण कई बार सुधीर भी उसके बोलने पर कमेंट कर चुका था। इसको लेकर कमलदीप नाराज था। इसलिए उसने अपने सास-ससुर को भी बातचीत के लिए बुलाया था ताकि विवाद सुलझ जाए। बातचीत के दौरान कहासुनी व मारपीट हो गई। जिस पर कमलदीप ने प्रसपा नेता सुधीर पर एक के बाद एक चार चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
शोभापुर निवासी सुधीर की हत्या के बाद शनिवार को गली में सन्नाटा पसरा रहा। दिनभर ग्रामीण सुधीर के परिजनों को सांत्वना देने के लिए घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे छोटा होने के कारण सुधीर घर में सबका लाड़ला था। वहीं, प्रसपा के पदाधिकारियों ने भी मृतक सुधीर के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी।
प्रसपा नेता सुधीर की हत्या के बाद पुलिस ने 24 घंटे में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रसपा नेताओं ने पुलिस को 48 घंटे का समय दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर प्रसपा नेता शैंकी वर्मा ने आरोपियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी सुधीर की हत्या पर दुख जाहिर किया। साथ ही प्रसपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दुख की घड़ी में मृतक सुधीर के परिवार के साथ खड़े रहने के निर्देश दिए।
नामजद चाचा व बेटे को लेकर की जा रही जांच
मृतक सुधीर के भाई चंद्रकिरण ने हत्या के मामले में कमलदीप, उसके ससुर सतीश, सास शीला, पत्नी ज्योति, चाचा जितेंद्र व जितेंद्र के बेटे सोनू को नामजद किया था। पुलिस ने कमलदीप, सतीश, शीला व ज्योति को पकड़ लिया। थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि नाजमद जितेंद्र व उसके बेटे सोनू को लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के दौरान वह दोनों मौजूद थे या नहीं। इसलिए उनकी अभी गिरफ्तारी नहीं की गई है।