Meerut: नए साल पर किया हुड़दंग तो बरसेंगीं लाठियां, जश्न के नाम पर उत्पात मचाने वालों से निपटेगी पुलिस
नए साल पर यदि जश्न के नाम पर उत्पात मचाया तो मेरठ पुलिस लाठियां बरसाने से गुरेज नहीं करेगी। अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ कड़ी निगरानी की जाएगी। इसके लिए पुलिस ने खास प्लान बनाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नए साल के जश्न के नाम पर उत्पात मचाने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस की टीमें जमकर लाठियां बरसाएगी। ऐसे लोगों से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा प्लान तैयार किया है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ कड़ी निगरानी की जाएगी। होटलों, रेस्टोरेंटों, बैंक्वेट हॉलों सहित अन्य बड़े आयोजन स्थलों के आसपास अधिक पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को 15 जोन, 30 सेक्टर और 42 सब-सेक्टर में बांटा गया है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि शहर में 45 प्वाइंटों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी। यहां थाना पुलिस से लेकर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी मौजूद रहेंगे। पुलिस लाइन से 40 कर्मचारी भी अतिरिक्त ड्यूटी करेंगे। शाम से लेकर रात एक बजे तक विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: बढ़ी ठिठुरन, शीतलहर के बीच मनेगा नया साल, सहारनपुर में सड़क हादसे ने ली मैक्स चालक की जान
हाईवे से लेकर गढ़ रोड, हापुड़ रोड, मवाना रोड, माल रोड के साथ ही प्रमुख बाजारों, मार्गों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। बाइकों पर स्टंट करने वालों के लिए भी खास तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने हापुड़ अड्डा चौराहा, भूमियापुल, बेगमपुल, घंटाघर और दिल्ली रोड सहित 15 ऐसी जगह चिह्नित की है, जहां युवक बाइकों पर अधिक स्टंट करते रहे हैं। इन जगहों पर बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी कि स्टंट करने वालों की रात हवालात में ही कटेगी। कार से स्टंट करने वालों पर भी पुलिस का पूरा फोकस रहेगा।
अड्डों और होटलों पर लगातार चेकिंग
पुलिस की टीमें होटलों और बस अड्डों सहित अन्य स्थलों पर लगातार चेकिंग कर रही हैं। जिन होटलों ने नये साल के जश्न की बड़ी तैयारी की है, वहां नियमित निगरानी की जा रही है। बस अड्डे, ढाबे और रेलवे स्टेशन पर बम डिस्पोजल की टीम ने शुक्रवार शाम चेकिंग की। शनिवार को भी यह अभियान जारी रहेगा।
ऐसी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
-32 थानेदार होंगे तैनात
-100 सब इंस्पेक्टर
-500 हेडकांस्टेबल
-1000 कांस्टेबल
-300 महिला पुलिसकर्मी
-एक कंपनी पीएसी
-एक कंपनी आरएएफ
-एक कंपनी क्यूआरटी
-घुड़सवार पुलिसकर्मी
-चार फायर टेंडर
-आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टीमें भी होंगी
शहर में नववर्ष पर हुड़दंग और माहौल खराब करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी प्वाइंटों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। जश्न मनाने वालों का स्वागत, लेकिन हुड़दंग मचाने वालों पर लाठी चलेगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी