Meerut: हाईवे पर लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार
मेरठ-मोदीनगर हाईवे पर रेस्टोरेंट मालिक जगदीश प्रसाद समेत पांच लोगों से लूटपाट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने बिजली बंबा बाईपास पर घेर लिया। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया।
विस्तार
मेरठ-मोदीनगर हाईवे पर जैन शिकंजी के मालिक जगदीश प्रसाद समेत पांच लोगों से लूट करने वाला समीर पुत्र बफाती निवासी मकबरा डिग्गी थाना रेलवे रोड को टीपी नगर पुलिस ने बिजली बम्बा रोड पर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है. एक बदमाश भागने में सफल हो गया है।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शुक्रवार को पूठा गांव निवासी जगदीश प्रसाद समेत पांच लोगो से बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की थी। चार घंटो में पांच लोगों से हुई लूट के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। सीओ सुचिता सिंह व टीपी नगर पुलिस ने सीसीटीवीं के माध्यम से बदमाशों की पहचान कर इलाके मे कंबिंग की। कांबिंग के दौरान पुलिस ने बिजली बंबा रोड पर बदमाश की घेराबंदी की तो बदमाशो ने फायर कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने जवाब में फायरिंग की तो समीर के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने दूसरे बदमाश की तलाश में जुट गई है।
हाईवे पर लुटेरों ने ऐसा आतंक मचाया कि पुलिस की सारी निगरानी और सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी। वेदव्यासपुरी चौकी क्षेत्र में महज तीन घंटे में पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने पांच वारदात कर दीं। इन बदमाशों ने 200 मीटर की दूरी पर ही लगातार घटनाओं को अंजाम दिया। इसके बाद भी पुलिस टीमें सोती रहीं। यही नहीं, चौकी से भी पुलिस नदारद थी।
शाम पांच बजे रेस्टोरेंट संचालक जगदीश कुमार से लूट के बाद ही पुलिस को होश आया और छानबीन में जुटी। शुक्रवार दोपहर दो बजे सुशांत सिटी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ओंकार सिंह से बदमाशों ने लूट की कोशिश की, गनीमत रही कि उनके दामाद कार से पहुंच गए। इसके चलते बदमाश यहां से चले गए। इसके बाद दोपहर बाद ढाई बजे भवन निर्माण के ठेकेदार सुरेंद्र अरोरा के चार मजदूरों से मोबाइल और नकदी लूटी।
ये बदमाश यहीं तक भी नहीं रुके। इसके बाद उन्होंने अपराह्नन तीन बजे बाईपास पर स्थित सुभारती विवि के कर्मचारी अनिल कुमार से भी मोबाइल लूट लिया। इसके बाद रेस्टोरेंट के पास ही बाइक सवार अनुज कुमार से नकदी भरा पर्स लूट लिया। शाम पांच बजे बदमाशों ने इससे भी बड़ी वारदात कर दी। इस बार उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक जगदीश कुमार से नकदी के साथ ही जेवरात लूट लिए। इस घटना के बाद ही पुलिस टीमें हरकत में आईं।
जगदीश ने बताया कि वह बार-बार चिल्लाते रहे कि बदमाश को पकड़ाे, मगर टीपी नगर और परतापुर थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। सीओ ब्रह्मपुरी के पहुंचने के बाद ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखने शुरू किए। फुटेज देखकर पुलिस ने दावा किया कि वह हाईवे से दिल्ली नहीं गए, बल्कि वह शहर में घुसे हैं। बदमाश पल्सर बाइक पर सवार थे।
कार का निकला बाइक वाला नंबर
बदमाशों की बाइक का दिल्ली वाला नंबर लिखा था। जांच की गई तो पता चला कि बाइक पर सेंट्रो कार का नंबर डाला गया था। आशंका है कि यह बाइक भी चोरी की है।
शनिवार को बदमाशों के फिर से क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों को परतापुर थानाक्षेत्र में घर लिया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगी है, जबकि उसका साथ फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उससे पूछताछ की जा रही है।