Meerut : भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत पर आपत्तिजनक टिप्पणी, आरोपी अमित के खिलाफ जानी थाने में मुकदमा दर्ज
राकेश टिकैत का सिर कलम करने वाले को पांच लाख का इनाम देने की घोषणा करने वाले आरोपी अमित पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नितिन पूनिया टीकरी ने जानी थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। पढ़ें क्या है पूरा मामला-
विस्तार
इस बयान से भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं में उबाल है। उन्होंने जानी थाने पर रविवार शाम चार बजे से साढ़े छह बजे तक धरना दिया। बयान देने वाले कथित किसान नेता की जल्द गिरफ्तारी न होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
सोशल मीडिया पर चल रहे बयान में अमित चौधरी नाम का किसान नेता भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत को आतंकवादी बता रहा है। एक इंटरव्यू में वह कह रहा है कि राकेश टिकैत का सिर कलम कर देना चाहिए, मौका मिला तो मैं यह काम करूंगा और जिसने भी यह काम किया उसे पांच लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
रविवार दोपहर सोशल मीडिया पर यह बयान वायरल होने पर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता जानी थाने पर पहुंचे और इस नेता की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather Today: मेरठ में बदला-बदला मौसम, दो दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत
शाम साढे छह बजे भाकियू तहसील अध्यक्ष नितिन पूनिया की ओर से जानी पुलिस ने अमित चौधरी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66, जान से मारने की धमकी देने, समाज में वैमस्यता फैलाने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। केस दर्ज होने के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।