ध्यान दीजिए: फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर दो माह रहेगा रूट डायवर्जन, तेजी से चल रहा रैपिड रेल का कार्य
ध्यान दीजिए कि मेरठ से दिल्ली की दिशा में जाने वाले इस सर्विस रोड पर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए यहां भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करके रूट डायवर्ट किया जाएगा।
विस्तार
रैपिड रेल के स्टेशनों को आपस में जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। साल-2023 के अंत तक मेरठ तक रैपिड रेल संचालन का दावा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम द्वारा किया जा रहा है। मेरठ साउथ और परतापुर स्टेशन को आपस में जोड़ने के लिए परतापुर फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर वायाडक्ट (पिलर को आपस में जोड़कर) बनाया जाना है। जिसके लिए इस सप्ताह में पिलर बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा। मेरठ से दिल्ली की दिशा में जाने वाले इस सर्विस रोड पर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए यहां भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करके रूट डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि हल्के वाहनों का आवागमन यहां जारी रखा जाएगा। इस सर्विस रोड पर रैपिड रेल के लिए 12 पिलर बनाए जाने हैं।
दिल्ली से मेरठ में प्रवेश करते हुए परतापुर स्टेशन मेरठ मेट्रो के लिए बनाया जा रहा है। इस स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। परतापुर फ्लाईओवर के बराबर में बने सर्विस रोड पर वायाडक्ट बनाया जाना है। फ्लाईओवर के बीच में बने अंडरपास से गगोल रोड जुड़ता है और गगोल रोड से आने वाले भारी वाहनों के लिए ही रूट डायवर्ट किया जाएगा। इस सर्विस रोड पर करीब दो महीने के लिए रूट डायवर्ट रहेगा। यहां पर पिलर फाउंडेशन का कार्य पूरा होने के बाद भारी वाहनों के लिए सर्विस रोड को खोल दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: बेसबब: गांव की युवती को कोठे पर देख हैरान रह गया युवक, प्यार में देह व्यापार के दलदल से निकाली प्रेमिका, दिल छूं लेंगी ये कहानियां
अब यहां से निकाला जाएगा यातायात
इस बीच गगोल रोड के ट्रैफिक को स्थानीय यातायात विभाग के सहयोग से केशव रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। एनसीआरटीसी ने गगोल रोड का प्रयोग करने वाले भारी वाहन चालकों और औद्योगिक इकाइयों से अपील की है कि वे भारी वाहनों को केशव रोड से होते हुए दिल्ली-मेरठ रोड पर आवागमन करें और निर्माण कार्य में सहयोग करें। इसके साथ ही इस सर्विस रोड का प्रयोग करने वाले हल्के वाहनों के आवागमन के लिए जगह छोड़ी जाएगी।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: अब थाने में छलका ढाई फीट के अजीम का दर्द, साहब! अब्बू-अम्मी से कर दो शादी की सिफारिश, जिंदगी भर नहीं भूलूंगा अहसान
दिल्ली रोड के रास्ते हो रहे बंद, वैकल्पिक मार्ग बने नहीं
शहर में रैपिड रेल का निर्माण कार्य बढ़ता जा रहा है। सबसे पहले शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर डायवर्जन कर दिया गया। अब मेरठ की ओर जाने वाले वाहनों को एक किलोमीटर आगे जाकर यू-टर्न लेकर आना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर अब परतापुर फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड को बंद किया जा रहा है। इसके बंद होने से हवाई पट्टी, गगोल को जाने वाले यातायात को दिक्कतें आएंगी। जबकि प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्गों का निर्माण नहीं कराया गया है। जिससे वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ने वाली हैं। अभी रैपिड रेल के वायाडक्ट और स्टेशन बनाए जाने में लगभग दो से छह महीने का समय लग सकता है। ऐसे में वैकल्पिक मार्गों की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।