मेरठ: पूर्व मंत्री याकूब की फैक्टरी में एमडीए की बड़ी कार्रवाई, फ्रीजर पर लगाई सील, कल हुआ था ये बड़ा खुलासा
एमडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री हाजी याकूब की मीट फैक्टरी में फ्रीजर पर सील लगा दी है। याकूब की फैक्टरी से पांच करोड़ रुपये का मीट जब्त किया गया था।
विस्तार
मेरठ में पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की मीट फेक्टरी पर एमडीए ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। एमडीए ने अवैध रूप से बिना मानचित्र स्वीकृत हुए चलाई जा रही फेक्टरी पर सील लगा दी है। पिछले 30 घंटों से पूर्व मंत्री की फैक्टरी में मिले मीट के संबंध में जांच की जा रही थी। एमडीए ने चिलर और फ्रीजर पर सील लगाई है।
तीन तरह की जमीन में बनी है हाजी याकूब की फैक्टरी, भू-उपयोग आवेदन भी निरस्त
पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की अलफहीम मीटैक्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री तीन तरह की जमीन पर काबिज है। हापुड़ रोड स्थित शाकरपुर में स्थित फैक्टरी 13 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनी है। इस भूमि में 10 हेक्टयेर भूमि सार्वजनिक सुविधाओं वाली सरकारी भूमि, एक हेक्टेयर में ग्रीन बेल्ट और 0.234 हेक्टेयर भूमि रोड वाइडनिंग की है। इस भूमि में से सिर्फ 0.130 हेक्टेयर भूमि ही औद्योगिक प्रयोग के लिए है। इसी मामले में कई बार एमडीए और हाजी याकूब कुरैशी के बीच पत्राचार चलता रहा। इसके बाद भी शासन और प्रशासन अभी तक फैक्टरी पर कोई फाइनल निर्णय नहीं ले सका है।
शासन में जमीन का भू-उपयोग परिवर्तन करने का आवेदन भी किया गया लेकिन बाद में इसे भी निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा फैक्टरी में कोई भी कार्य न करने का शपथ पत्र भी दिया गया था। इस फैक्टरी के मानचित्र का शमन करने के लिए भी आवेदन एमडीए में किया गया लेकिन एमडीए ने भी इसे स्वीकार नहीं किया था। फैक्टरी की दस हेक्टेयर भूमि जो सार्वजनिक सुविधाओं वाली सरकारी भूमि है, उसे खरीदकर देने के लिए भी एमडीए ने संचालक को कहा था। लेकिन इस पर भी कोई फैसला नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें: मर्डर: जान की भीख मांगता रहा जितेंद्र, लेकिन नहीं पसीजा हत्यारों का दिल, ताबड़तोड़ सीने में उतारीं आठ गोलियां
19 घंटे चली कार्रवाई, 2400 क्विंटल पैक और 60 क्विंटल खुला मीट बरामद
हाजी याकूब कुरैशी के सील हुए मीट प्लांट में पशु कटान की सूचना पर जिला प्रशासन हरकत में आया। बुधवार देर रात को जिला अधिकारी के. बालाजी के निर्देश पर एसडीम सदर संदीप भागिया के नेतृत्व में आधा दर्जन से ज्यादा विभागों की टीम ने पुलिस को साथ लेकर प्लांट पर छापा मारा। प्लांट में मौकेपर पशुओं का कटान होता तो नहीं मिला लेकिन भारी मात्रा में मीट की पैकिंग की जा रही थी।
यह भी पढ़ें: मेरठ : पूर्व मंत्री याकूब की फैक्टरी से पकड़ा गया पांच करोड़ का मीट, अफसर हैरान, 19 घंटे की कार्रवाई में बड़ा खुलासा
एसडीएम सदर संदीप भागिया ने बताया कि तमाम अनियमितताएं मिलने के बाद अल फईम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड का चार साल पहले लाइसेंस रद करते हुए एमडीए द्वारा सील कर दिया गया था। बाट एवं माप विभाग द्वारा पकड़े गए मीट का वजन कराया गया। 2400 क्विंटल पैक मीट मिला और करीब 60 क्विंटल खुला मीट मिला। मीट को जब्त कर लिया गया है। मीट के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। सभी विभाग के अधिकारियों की तरफ से विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।