Meerut News Live: बारिश से शाकंभरी देवी में अलर्ट, कुछ देर के लिए रोका ट्रैफिक, छत से गिरकर महिला की मौत
मोदीपुरम में झमाझम बारिश से एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं चैत्र नवरात्र में मैया की पूजा के साथ ही उनके साज शृंगार की तैयारियों में भक्त जुट गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाइव अपडेट
पहाड़ियों में बारिश होने पर सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में अलर्ट जारी कर दिया गया, हालांकि कुछ देर बाद ही मौसम साफ होने पर ट्रैफिक को फिर से खोल दिया गया।
मगंलवार दोपहर के समय पहाड़ियों में बारिश होने पर सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी से ऊपर रक्तदंतिका मंदिर पर बनाई गई बाढ़ चौकी से पानी आने की संभावना का अलर्ट जारी होने पर पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बाबा भूरादेव मंदिर पर ही ट्रैफिक रोक दिया। हालांकि थोड़ी देर में बारिश बंद हो गई और मौसम भी साफ होने लगा, जिसके बाद फिर से ट्रैफिक खोल दिया गया।
श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति मां शाकंभरी देवी के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। बुधवार को चैत्र का पहला नवरात्र है। प्रथम नवरात्र सिद्धपीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। मौसम के मिजाज को देखकर बाढ़ चौकी को भी अलर्ट किया गया है।
मुजफ्फरनगर के करहेड़ा गांव में बारिश के बाद घर की छत से पानी निकाल रही महिला की छत से गिरने से मौत हो गई। गांव में गम का माहौल है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव करहेड़ा निवासी अर्चना (45) पत्नी धर्मेंद्र उर्फ मांगे बारिश के बाद घर की छत साफ कर रही थी। अचानक फिसलने के कारण वह छत से घर में बने पक्के आंगन पर सिर के बल गिर गई। परिजन घायल महिला को मोरना अस्पताल में ले गए। हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उसकी मौत हो गई।
राधा स्वामी सत्संग में शामिल होने गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
सहारनपुर जनपद में बेहट के पिलखनी में आयोजित हुए राधा स्वामी सत्संग में शामिल होने गया एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। उसके पिता ने बेहट कोतवाली में उसकी गुमशुगदी की तहरीर दी है।
बड़ौत में तहसील के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
जानकारी के अनुसार नगर में तहसील गेट के पास सोमवार की शाम एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। उधर से गुजर रहे लोगों ने सबको देखकर पुलिस को सूचना की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा। इंस्पेक्टर एनएस सिरोही ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही व्यक्ति की मौत के कारणों का पता लगेगा ।उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
मौसम लगातार बदल रहा है। गर्मी काफी बढ़ गई थी, लेकिन अब बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान कम हो गया है। बदलते मौसम ज्यादा असर लोगों की सेहत पर पड़ता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों पर। ऐसे मौसम में सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. तनुराज सिरोही ने बताया कि ऐसे मौसम में लापरवाही बरती जाए तो खांसी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसे में हल्के गर्म कपड़े पहनकर रखने चाहिए। अगर गर्मी लगे तो पंखे को हल्का करके चला सकते हैं। एसी चलाने से परहेज करें। तली भुनी चीजों से बचें। मौसमी फलों जैसे खीरा, तरबूज, संतरा को भोजन में जरूर शामिल करें। अगर सर्दी, बुखार जैसे लक्षण दिखें तो चिकित्सक से संपर्क करें।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वीके बिंद्रा ने बताया कि बदलते मौसम में शरीर पर प्रभाव पड़ता है। शरीर का तापमान सही रहे, इसके लिए आइसक्रीम या अन्य ठंडी चीजों के सेवन से बचना चाहिए। गुनगुने पानी का सेवन करना चाहिए। हल्के गर्म और शरीर को पूरे ढकने वाले कपड़े पहनने चाहिए।
जिलाधिकारी को मिलेगा जल प्रहरी सम्मान
मेरठ में पेयजल संकट प्रबंधन के लिए डीएम दीपक मीणा को जल प्रहरी सम्मान के लिए चुना गया है। 29 मार्च को दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह व केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल सम्मानित करेंगे।
सीडीओ शशांक चौधरी ने बताया कि जल प्रहरी सम्मान के लिए देश के 50 लोगों को चुना गया है। उन्होंने बताया जिले में टपका और फव्वारा विधि से 1200 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की व्यवस्था की गई है। अमृत योजना के तहत करीब 100 साल को साफ कराया है। 1107 सोकपिट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण कराया है। नौ खेत तालाब आदि बनवाए गए हैं।
Meerut News Live: बारिश से शाकंभरी देवी में अलर्ट, कुछ देर के लिए रोका ट्रैफिक, छत से गिरकर महिला की मौत
चैत्र नवरात्र में मैया की पूजा के साथ ही उनके साज शृंगार की तैयारियों में भक्त जुट गए हैं। नवरात्र पर कारोबार चमकाने के लिए बाजार भी सज गए हैं। माता की मूर्ति, चुनरी, नारियल, रोली, लौंग से पूजा की थाली और टोकरी तक की खरीद शुरू हो गई है। मां के नौ स्वरूपों वाली मूर्तियों की भी काफी मांग हैं। शहर में 300 से अधिक स्थाई और अस्थाई दुकानें सज गई हैं। नवरात्र पर श्रद्धालु नौ दिन तक व्रत रखेंगे। कल से मंदिरों में घट स्थापना और अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी।