Meerut News Live: एक कोतवाल लाइन हाजिर, दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, पढ़ें ताजा खबरें
मेरठ के बिगबाइट रिजॉर्ट में आयोजित ज्वेलरी एक्सपो का आज तीसरा दिन है। आज एक्सपो का समापन हो जाएगा। इस एक्सपो में एक ही छत के नीचे आप 40 करोड़ के आभूषण देख सकते हैं। वहीं पश्चिमी यूपी में ठंड से अभी राहत नहीं है। आज सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है।
लाइव अपडेट
सहारनपुर में देवबंद-रुडकी मार्ग पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान की मौत हो गई।
साधारणपुर गांव निवासी 53 वर्षीय किसान धूम सिंह त्यागी मंगलवार को ट्रैक्टर ठीक कराने के लिए देवबंद आया था। वह उसे ठीक कराकर वापस लौट रहा था। जब वह देवबंद-रुड़की मार्ग पर पड़ने वाले काली नदी के पुल के पास घूम पर पहुंचा तो अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। जिसके नीचे दबकर धूम सिंह की मौत हो गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मद्द से ट्रैक्टर को हटवा कर उसके नीचे दबे किसान के शव को बाहर निकलवाया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस का कहना है कि परिवार के लोगों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया। जिसके चलते पंचनामा भरकर शव को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
सहारनपुर जनपद के बेहट में ब्लॉक मुजफ्फराबाद की ग्राम पंचायत ढाबा सलूनी के प्रधान नीरज पर अनुसूचित जाति के एक परिवार ने जानलेवा हमला कराने, गांव से निकलने व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार के मुखिया की तहरीर पर आरोपी ग्राम प्रधान व उसके पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव सलूनी निवासी कुलदीप पुत्र ओम सिंह का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत ढाबा के ग्राम प्रधान नीरज ने दो जनवरी को उसके और उसकी पत्नी नीशू पर जानलेवा हमला कराया। हमला करने वालों में ग्राम प्रधान का पुत्र लवी, गोलू पुत्र राजेंद्र, हर्षित पुत्र अमित व उदय पुत्र रामकुमार निवासी गांव ढाबा सलूनी शामिल थे। आरोप है कि उन्हें गांव छोड़कर जाने की धमकी देते हैं। यही नहीं बुरी तरह से मारा पीटा भी गया।
आरोप है कि जाति सूचक शब्दों से भी अपमानित किया गया। घटना के बाद उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस ने पीड़ित कुलदीप की तहरीर पर ग्राम प्रधान नीरज समेत सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी ग्राम प्रधान व उसके पुत्र समेत सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। - बृजेश कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर
कस्बे के मोहल्ला गाड़ान में मोहम्मद शौकीन की टीनशेड नुमा मोबाइल की दुकान है। उसके बराबर में ही उसका मकान है। रात करीब दो बजे उसकी दुकान में आग लग गई। आग बराबर में बने मकान में भी पहुंच गई। पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर मौके पर मोहल्लेवासियों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस एवं फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पीड़ित शौकीन ने बताया कि आग में उसका लैपटाप, ग्राहकों के मोबाइल, अन्य एसेसीरिज एवं घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इससे उसका करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना पर बेहट चेयरमैन अब्दुल रहमान भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर में पुरकाजी क्षेत्र के चंदन गांव में काउ सेंक्चुअरि को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय पशुपालन विभाग ने सेंक्चुअरि के लिए पहली किश्त के रूप में 63.70 करोड़ जारी कर दिए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
सदर तहरसील क्षेत्र में सोलानी नदी के किनारे के जंगल में काउ सेक्चुअरि का निर्माण कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए 840 बीघा जमीन केंद्रीय पशुपालन विभाग को देने के लिए प्रस्ताव कर दिया है। प्रदेश सरकार को यह प्रस्ताव भेजा गया था। शासन से योजना की स्वीकृति को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान दो दिन से लखनऊ गए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयास की सराहना की और योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। अधिकारियों को प्रक्रिया शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बालियान ने बताया कि केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय ने योजना को स्वीकृति प्रदान करते हुए 63 करोड़ 70 लाख रुपये जारी किए हैं। जितनी आवश्यकता रहेगी उतना पैसा बाद में जारी हो जाएगा। सेंक्चुअरि में बायोगैस प्लांट, सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक शवदाह गृह, पशुओं के चारे के लिए बड़े स्टोर, पांच हजार पशुओं के रहने के लिए टीन शैड आदि बनेंगे। विभाग की टीम मौके का कंटूर सर्वे कर चुकी है। निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जाएंगे।
मुजफ्फरनगर में एसएसपी विनीत जायसवाल ने सट्टे के अवैध धंधे को संरक्षण देने पर शहर कोतवाल को लाइन हाजिर, एक चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। दो अन्य थाना प्रभारियों को शिकायत मिलने पर लाइन हाजिर किया है। दो थाना प्रभारियों को इधर से उधर किया है।
एसएसपी विनीत जायसवाल ने सट्टे के धंधे को संरक्षण देने के आरोप में शहर कोतवाली की वहलना चौकी प्रभारी कौशल गुप्ता, दीवान जितेंद्र त्यागी व सिपाही हिमांशु को निलंबित कर दिया। इसके बाद शहर कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र को भी इसी आरोप का दोषी मानते हुए लाइन हाजिर कर दिया। सिखेडा थाना प्रभारी राकेश कुमार व थाना भौराकलां थाना प्रभारी नवीन भाटी को शिकायत मिलने पर लापरवाह मानते हुए लाइन हाजिर किया गया हैं।
इसके अलावा नई मंडी कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह को शहर कोतवाली प्रभारी, मंसूरपुर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह रावत को नई मंडी कोतवाली प्रभारी, अपराध शाखा से धर्मेंद्र कुमार को प्रभारी थाना सिखेडा, पुलिस लाइन से रोजंत त्यागी को प्रभारी थाना मंसूरपुर, स्वाट सैल से सुनील शर्मा को प्रभारी थाना रामराज व रामराज से थाना प्रभारी अक्षय शर्मा को थाना भौराकलां का प्रभारी बनाया है।
एसएसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध धंधा होता पाया गया या थाना प्रभारी की लापरवाही सामने आती हैं तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सट्टे के अवैध धंधे को संरक्षण देने के आरोप में शहर कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र लाइन हाजिर व वहलना चौकी प्रभारी कौशल गुप्ता, दीवान जितेंद्र त्यागी और सिपाही हिमांशु को निलंबित किया गया है।
मेरठ में मंगलवार की दोपहर को एसएसपी रोहित सजवाण अचानक सिविल लाइन थाने में निरीक्षण के लिए पहुंचे। एसएसपी को सामने देखते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। कप्तान ने थाने के तमाम विभागों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दरअसल, मंगलवार की दोपहर एसएसपी रोहित सजवाण सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया के साथ सिविल लाइन थाने में पहुंचे। एसएसपी को सामने देखते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। एसएसपी ने थाने के कार्यालय सहित हवालात, बैरक और अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इसी के साथ थाने के माल खाने और शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए कुछ चीजों में सुधार के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने थाने में खड़े लावारिस वाहनों को लेकर भी उनका जल्द से जल्द निपटारा किए जाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने थाने में साफ-सफाई की व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखे जाने के निर्देश दिए। कप्तान के रवाना होने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
बिजनौर जनपद में बढ़ रही अत्यधिक शीतलहर, घना कोहरा व मौसम खराब होने के कारण जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर सभी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों का दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार के अनुसार कक्षा नौ से कक्षा 12 तक का 11 जनवरी व 12 जनवरी 2023 तक अवकाश रहेगा। यह आदेश समस्त राजकीय, यूपी बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों और मदरसा बोर्ड से संचालित समस्त विद्यालयों पर प्रभावी रहेगा। डीआईओएस ने कहा कि सभी आदेश का अनुपालन करना सुनिश्चित करें।
ठंड में अंगुलियों में खून का प्रवाह प्रभावित होने से गैंगरीन का खतरा
ठंड अधिक बढ़ने से अंगुलियों में सूजन आने पर खून का प्रवाह प्रभावित होने से गैंग्रीन का खतरा है। धूम्रपान और तंबाकू का सेवन करने वाले लोगों को इस बीमारी का खतरा अधिक रहता है। चिकित्सक सर्दी में बीमारी से बचाव के लिए दस्तानों और जूतों का इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी में खून का बहाव अधिक दिनों तक प्रभावित होने से गैंग्रीन की आशंका बढ़ जाती है। बीमारी होनेे पर अगुंलियां काली पड़ने लगती हैं। बीमारी अधिक बढ़ने पर अंगुलियों को काटना पड़ता है। बागपत सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि ठंड बढ़ने पर गैंग्रीन बीमारी होने की आशंका बढ़ जाती है। धूम्रपान और तंबाकू और एल्कोहल का सेवन करने वाले लोगों को अधिक समस्या होती है।
सर्दी में जमा खून, बुजुर्गों को दे रहा हार्ट अटैक
ठंड में खून गाढ़ा होने से हार्ट अटैक आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल रोजाना दो से चार मरीज हार्ट अटैक के पहुंच रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट नहीं होने से मरीजों को प्राथमिक उपचार देकर रेफर किया जा रहा है। चिकित्सक लोगों को ठंड चिकनाई की चीजें नहीं खाने की सलाह दे रहे हैं।
सर्दी के दिनों में शरीर से सोडियम नहीं निकल पाता है। जिसके चलते शरीर में सोडियम की मात्रा अधिक होने से ब्लडप्रेशर बढ़ जाता है। ब्लडप्रेशर बढ़ने से ही सर्दियों में हार्ट अटैक ज्यादा आ रहा है।