CCSU में धांय...धांय: फिर उड़ी इंतजामों की धज्जियां, गोल्डी के कब्जे से पिस्टल बरामद, सामने आई विवाद की वजह
Meerut News : सीसीएसयू में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के छात्र आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के छात्रों में मारपीट और फायरिंग हुई। उधर, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज विवि प्रशासन से मांगी है।
विस्तार
मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटूराम इंजीनियरिंग काॅलेज में वर्चस्व को लेकर बुधवार को एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री अर्जुन बटार का छात्र नेता दीपू चौधरी से विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हो गई। पुलिस ने अर्जुन बटार के साथी आदित्य उर्फ गोल्डी के कब्जे से अवैध पिस्टल भी बरामद की है। वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज विवि प्रशासन से मांगी है।
उधर, दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट और फायरिंग करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में ले लिया है।
एबीवीपी का प्रांत सह मंत्री अर्जुन बटार अपने साथी आदित्य उर्फ गोल्डी के साथ सरछोटू राम इंजीनियरिंग कॉलेज में कार से परीक्षा देने जा रहा था। अब्दुल कलाम हॉस्टल के पास सामने से आ रहे कार सवार दीपू चौधरी से रंजिश के चलते अर्जुन का विवाद हो गया। दोनों पक्ष कार से उतर गए। इतने में अन्य छात्र भी आ गए। बातों ही बातों में मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देते हुए छात्र वहां से चले गए।
इसके बाद अर्जुन बटार कुलपति कार्यालय पहुंच गया और हंगामा शुरू कर दिया। दीपू चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विवि का मुख्य गेट बंद कर दिया। काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चार छात्रों को हिरासत में ले लिया। अर्जुन बटार के साथी किला परीक्षितगढ़ निवासी आदित्य उर्फ गोल्डी को पकड़ लिया। उसके पास से पिस्टल मिली है। पुलिस ने आदित्य के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मेडिकल थाना प्रभारी ने बताया कि तीन छात्रों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
यह भी पढ़ें: Weather Update: पश्चिमी यूपी में महसूस हो रही मनाली की ठंड, रात में सुकून न दिन में चैन, अगले पांच दिन मुश्किल
31 अक्तूबर को भी हुआ था कृष्णा प्लाजा में विवाद
31 अक्तूबर को भी कृष्णा प्लाजा में दीपू चौधरी और अर्जुन बटार के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद फायरिंग हुई थी। इस मामले में अर्जुन बटार और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। तब से ही दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut: स्कूल ले जाने के बहाने छात्रा से जंगल में ले जाकर दुष्कर्म, कंकरखेड़ा में मासूम से दादा ने की दरिंदगी