बड़ी लापरवाही: अस्पताल से फरार हुआ कोरोना पॉजिटिव मरीज, दिल्ली से आकर मेरठ में हुआ था भर्ती
- कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अस्पताल से फरार हुआ मरीज
- पहले मामले को छुपाते रहे अधिकारी, अब कर रहे मरीज की तलाश
- निजामुद्दीन दिल्ली से मेरठ के एक निजी अस्पताल में आकर भर्ती हुआ था मरीज
विस्तार
निजामुद्दीन दिल्ली के एक मरीज ने चार दिन तक एनएच-58 स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। इस मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे लेने अस्पताल पहुंची तो वह फरार हो गया। पहले तो मामले को दबाए रखा गया। पता न चलने पर इस मरीज की मेरठ से लेकर दिल्ली के अस्पतालों में तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार शहर के एक चिकित्सक का दौराला थाना क्षेत्र में एनएच-58 पर अस्पताल है। इस अस्पताल में निजामुद्दीन दिल्ली निवासी एक मरीज चार दिन पहले इलाज कराने आया था। 13 जून शनिवार की रात इस मरीज की कोरोना की रिपोर्ट निजी लैब से पॉजिटिव आई तो अस्पताल में हड़कंप मच गया। निजी अस्पताल की सूचना पर रविवार को जब विभाग की टीम मरीज को मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए पहुंची तो यह मरीज स्वास्थ्य विभाग की टीम को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। बताया गया कि यह मरीज कार से फरार हुआ। सूचना पर दौराला इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान और डायल 122 पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन मरीज का सुराग नहीं लगा।
अस्पतालों में करते रहे खोजबीन
रविवार और सोमवार को पुलिस ने संक्रमित मरीज की शहर के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में खोजबीन की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। एक टीम मरीज की तलाश में दिल्ली भी भेजी गई है। दिल्ली के अस्पताल में भी मरीज की तलाश शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: मेरठ में स्थिति भयावह, आज मिले कोरोना के 40 नए मरीज, एक व्यक्ति की मौत, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
मामले को दबाए रहे अफसर
मरीज के निजी अस्पताल से फरार होने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मामले को दबाए रहे। हालांकि सभी ने अपने स्तर से मरीज को तलाशने के प्रयास किए। लेकिन मरीज का पता नहीं चला। इस मामले में अस्पताल के अलावा मोदीपुरम और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी सोमवार को जांच की गई। लेकिन सफलता नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: रात भर तड़पता रहा मरीज, फिर युवक ने पुलिस चौकी पहुंचकर मचाया शोर, बोला- मुझे कोरोना है
कहां तक जुड़ेगी चेन
मामले में उच्चाधिकारियों ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। लेकिन पुलिस यह कहकर टालती रही कि मरीज को तलाशा जा रहा है। सवाल है कि इस मरीज की चेन कहां तक जुड़ेगी। इंस्पेक्टर दौराला का कहना है कि शनिवार रात निजी लैब से मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद मरीज अस्पताल से फरार हो गया। वहीं, एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह के अनुसार मामला गंभीर है। मामले की जांच कराई जा रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/