Meerut: व्यापारी के बाथरूम में लटका मिला नौकरानी शव, नौ हजार रुपये महीने पर काम करने आई थी मरियम
Meerut News : व्यापारी के मकान में बाथरूम के अंदर नौकरानी का शव लटका मिला। इससे वहां हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
विस्तार
मेरठ जनपद के मोदीपुरम में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की रुड़की रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक व्यापारी के घर पर रह रही मेड का शव बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवती मरियम उर्फ मैरी (20) दिल्ली की डूगडूग कंपनी द्वारा मोदीपुरम में इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में जसविंदर सिंह के मकान में तीन महीने पहले उनके बच्चों की देखभाल करने के लिए नौकरी पर आई थी। वह जसविंदर सिंह के मकान के बाथरूम के अंदर नहाने के लिए गई थी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था, जब बाहर निकल कर नहीं आई तो जसविंदर सिंह के परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे को तोड़कर अंदर जाकर देखा तो मरियम उर्फ मैरी का शव फांसी पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
वहीं, पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि मृतका के पैर नीचे लटके हुए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नौ हजार रुपये महीने पर आई थी मेड
मरियम जोजो उर्फ मैरी दिल्ली की एजेंसी डूगडूग सेवा सेंटर के द्वारा नौ हजार रुपये प्रति माह के वेतन पर उक्त के घर पर काम करने के लिए आई थी, जिसे एजेंट माइकल के द्वारा मकान पर काम पर लाया गया था। जसविंद्र सिंह ने बताया कि वह जब अपने घर बात करती थी तो कंपनी द्वारा ही उसकी बात कराई जाती थी। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
यह भी पढ़ें: UP: युवक ने खुद को गोली मारकर दी जान, सामने आई चौंकाने वाली वजह, पुलिस भी हैरान
नहीं उठा 112 नंबर, खुद जाकर दी थाने सूचना
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी जसविंदर ने बताया कि काफी देर तक जब मरियम बाहर नहीं आई तो उन्होंने 112 नंबर पर कॉल की लेकिन, रिसीव नहीं की गई। करीब 10 से 15 बार तक कॉल की गई। इसके बाद जसविंदर सिंह स्वयं पल्लवपुरम थाने पहुंचे और सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने गेट तोड़कर मरियम का शव नीचे उतारा।
यह भी पढ़ें: Murder in Meerut: दिनदहाड़े दो हत्याओं से दहला हस्तिनापुर, अज्ञात हमलावरों ने वारदात को दिया अंजाम